बिल गेट्स ने कहा- निजी रिश्तों में नहीं करते AI का इस्तेमाल
बिल गेट्स ने हाल ही में खुलासा किया कि वे अपने निजी रिश्तों में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) का इस्तेमाल नहीं करते। उन्होंने बताया कि उन्हें असली लोगों से जुड़ना ज्यादा पसंद है। NBC के शो 'मीट द प्रेस' में माइक्रोसॉफ्ट के सह संस्थापक ने मजाकिया लहजे में कहा, "मैं ऐसा इंसान नहीं हूं, जो यह पूछता फिरे कि हे, क्या आप मुझे पसंद करते हैं? हे, क्या मैं एक अच्छा इंसान हूं?' इसलिए मैंने कभी इस रास्ते पर चलना नहीं चाहा, क्योंकि परिवार और दोस्तों के मामले में मैं भाग्यशाली हूं।" उन्होंने आगे कहा कि सच्चे मेलजोल के लिए वे अपने परिवार और दोस्तों पर ही निर्भर रहते हैं।
AI को काबू में रखने के लिए सख्त कानूनों की मांग
गेट्स ने AI को नियंत्रित करने के लिए सख्त कानून बनाने की वकालत भी की। उनका कहना है कि कंपनियों पर खुद को नियंत्रित करने की जिम्मेदारी नहीं छोड़ी जानी चाहिए।
वे 'ह्यूमन रिजर्व्ड' नाम के एक विचार को बढ़ावा दे रहे हैं। इसका सीधा मतलब है कि कुछ काम केवल इंसानों के लिए ही तय होने चाहिए, जैसे कि कस्टमर सर्विस या बुजुर्गों की देखभाल करना। ऐसा इसलिए है, ताकि तकनीक के आगे बढ़ने के साथ-साथ मशीनों के कारण लोगों की नौकरियां न छीनें।