AI का गलत इस्तेमाल रोकने के लिए बने विमान-दवाओं जैसे सुरक्षा कानून- बिल गेट्स
माइक्रोसॉफ्ट के सह संस्थापक बिल गेट्स का मानना है कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के लिए भी कारों और दवाओं की तरह सख्त नियम होने चाहिए।
हाल ही में उन्होंने अपने एक पोस्ट में साफ कहा कि AI से बेहतरीन फायदे उठा सकें और लोगों को भी सुरक्षित रख सकें, इसके लिए हमें सही सुरक्षा इंतजाम करने होंगे।
उन्होंने कहा, "जैसे हम विमानों, कारों और दवाओं पर नियम लागू करते हैं, वैसे ही कुछ सुरक्षा इंतजाम करने होंगे, जिनसे हम AI की बेजोड़ क्षमता का पूरा फायदा उठा पाएं और इसके खतरों को भी कम कर सकें।"
स्थिति खराब होने से पहले सतर्क होने की सलाह
गेट्स का मानना है कि नियम बनाने से ही सब कुछ हल नहीं हो जाएगा, लेकिन उनका कहना है कि AI का गलत इस्तेमाल करने वालों को रोकने के लिए यह कदम बेहद जरूरी है।
उन्होंने यह भी बताया कि अभी हम उस मुकाम पर नहीं पहुंचे, जहां हमें होना चाहिए, इसलिए इस मुद्दे पर और ज्यादा ध्यान देने की आवश्यकता है।
उनकी यह राय माइक्रोसॉफ्ट के बड़े अधिकारियों और तकनीक के जानकारों से मिलती है, जो AI के ताकतवर और खतरनाक होने के चलते मजबूत अंतरराष्ट्रीय सुरक्षा नियमों की मांग कर रहे हैं।