भारतजेन ने लॉन्च किया पत्रम 1.5 AI मॉडल, जानिए किस काम में है उपयोगी
क्या है खबर?
आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) भारतजेन ने 'पत्रम 1.5' मॉडल लॉन्च किया है। इसे जटिल भारतीय दस्तावेजों को पढ़ने और समझने के लिए डिजाइन किया गया है। यह मॉडल कई भाषाओं में मौजूद उन दस्तावेजों से जुड़ी चुनौतियों का समाधान करता है, जो ठीक से स्कैन नहीं किए गए हैं या जिन पर स्टाम्प, हस्ताक्षर या हाथ से लिखा गया कंटेंट है। नया मॉडल जून, 2025 में लॉन्च किए गए इसके पिछले वर्जन 'पत्रम 1' का एक अपग्रेड है।
क्षमता
अंग्रेजी मिश्रित भारतीय भाषाओं को समझने की क्षमता
पत्रम 1.5 एक 7-अरब पैरामीटर वाला ओपन-वेट मॉडल है, जो केवल दस्तावेज पढ़ने से कहीं आगे तक काम कर सकता है।
यह टेबल, चार्ट, फॉर्म, तस्वीरों और डायग्राम को भी समझ सकता है।
मॉडल एक ही रिक्वेस्ट में कई तस्वीरों को प्रोसेस कर सकता है और 32,000 टोकन तक के टेक्स्ट इनपुट को सपोर्ट करता है। यह अंग्रेजी के साथ-साथ भारतीय भाषाओं के मिश्रण वाली अंग्रेजी को भी समझ सकता है।
प्रोसेसिंग प्रक्रिया
OCR और LLM क्षमताओं को मिलाता है मॉडल
ऑप्टिकल कैरेक्टर रिकग्निशन (OCR) और लार्ज लैंग्वेज मॉडल (LLM) का अलग-अलग उपयोग करने वाले पारंपरिक सिस्टम्स के विपरीत पत्रम 1.5 इन दोनों चरणों को एक साथ मिला देता है।
यह किसी पेज को एक इमेज के रूप में प्रोसेस करता है, उसे पढ़ता है और एक ही बार में उस पर विचार भी कर लेता है।
इस मॉडल में OCR 3.0 भी शामिल है, जो यूजर्स को अपनी जरूरत की विशिष्ट जानकारी साधारण भाषा में मांगने की सुविधा देता है।
प्रदर्शन
छूटी हुई जानकारी का नहीं लगाता अनुमान
भारतजेन ने पत्रम 1.5 को इस तरह प्रशिक्षित किया है कि जानकारी न होने या न पढ़ पाने की स्थिति में वह अंदाजा न लगाए।
अगर, कोई फील्ड खाली है या कोई नंबर धुंधला है तो यह मॉडल बताता है कि वह क्या नहीं पढ़ पा रहा है और क्यों?
जब कोई उचित अनुमान लगाना संभव होता है तो यह वह अनुमान बता देता है और उसे इंसानी समीक्षा के लिए चिह्नित कर देता है।
परीक्षण
परीक्षण में ऐसा रहा प्रदर्शन
इस मॉडल का 49 तरह के मूल्यांकन में परीक्षण किया है। इनमें 34 पब्लिक बेंचमार्क और पत्रम-बेंच के 15 कार्य शामिल हैं।
पत्रम-बेंच भारतीय दस्तावेजों के 8,773 पन्नों से लिए गए 11,828 आइटम्स का एक टेस्ट सेट है। इस मॉडल का परीक्षण अन्य इमेज-रीडिंग AI मॉडल्स और 7 विशेष OCR सिस्टम के साथ किया गया।
इन परीक्षणों में इसने 83 का शानदार कुल स्कोर हासिल किया, जो जांचे गए सभी विजन-लैंग्वेज मॉडल्स में सबसे अधिक स्कोर के बराबर है।