बेपीकोलंबो 8 साल बाद पहुंचा बुध ग्रह के पास, क्या है मिशन?
क्या है खबर?
यूरोप और जापान का संयुक्त अंतरिक्ष मिशन बेपीकोलंबो 8 साल के लंबे सफर के बाद बुध ग्रह तक पहुंच गया है। इस दौरान अंतरिक्ष यान ने करीब 10 अरब किलोमीटर की दूरी तय की है। अब यह बुध की कक्षा में प्रवेश करने की तैयारी कर रहा है। इसके लिए शनिवार को यान के थ्रस्टर चालू किए जाएंगे। सफल होने पर यह बुध की परिक्रमा करने वाला इतिहास का दूसरा अंतरिक्ष मिशन बन जाएगा।
खर्च
मिशन पर खर्च हुए 1.6 अरब यूरो
बेपीकोलंबो मिशन पर करीब 1.6 अरब यूरो (लगभग 160 अरब रुपये) खर्च किए गए हैं।
इसे यूरोपीय अंतरिक्ष एजेंसी और जापान की अंतरिक्ष एजेंसी ने मिलकर तैयार किया है। मिशन को अक्टूबर, 2018 में फ्रेंच गुयाना से रवाना किया गया था।
बुध तक पहुंचने में देरी की एक वजह यान के प्रोपल्शन तंत्र में आई तकनीकी समस्या भी रही। इस यात्रा के दौरान यान ने पृथ्वी के एक, शुक्र के 2 और बुध के 6 चक्कर लगाए।
मिशन
बुध ग्रह के रहस्यों का पता लगाएगा मिशन
इस मिशन का मुख्य उद्देश्य बुध ग्रह की बनावट, उत्पत्ति और चुंबकीय क्षेत्र को समझना है।
वैज्ञानिक यह भी जानना चाहते हैं कि सूरज के इतने करीब होने के बावजूद बुध के कुछ गड्ढों में बर्फ कैसे मौजूद है। इसके अलावा, ग्रह की सतह पर बने रहस्यमयी छोटे गड्ढों की भी जांच की जाएगी।
वैज्ञानिकों को उम्मीद है कि मिशन से बुध के विशाल धातु केंद्र और उसके विकास से जुड़ी अहम जानकारियां मिलेंगी।
काम
2 अलग-अलग यान मिलकर करेंगे ग्रह की जांच
बुध के पास पहुंचने के बाद बेपीकोलंबो 2 अलग अंतरिक्ष यानों में बंट जाएगा।
यूरोपीय यान ग्रह की सतह और अंदरूनी बनावट का अध्ययन करेगा, जबकि जापानी यान उसके चुंबकीय क्षेत्र और आसपास मौजूद गैसों की जांच करेगा। दोनों यान अलग-अलग कक्षाओं में रहकर काम करेंगे।
इनमें लगे विशेष कैमरे और उपकरण सतह की तस्वीरें लेने के साथ तापमान, रासायनिक संरचना और ग्रह के आकार से जुड़ी जानकारियां भी जुटाएंगे।
अन्य
3 साल तक बुध की परिक्रमा करेंगे दोनों यान
वैज्ञानिकों के मुताबिक, बुध पर दिन के समय तापमान करीब 450 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच जाता है, जबकि रात में यह शून्य से 180 डिग्री नीचे चला जाता है।
ग्रह सूरज से पृथ्वी के मुकाबले काफी करीब है और वहां तेज सौर विकिरण पड़ता है। मिशन के दोनों यानों से करीब 3 साल तक काम करने की उम्मीद है।
इसके बाद ईंधन खत्म होने पर वे अपनी ऊंचाई खोकर बुध की सतह से टकरा जाएंगे।