19 साल के छात्र ने AI की मदद से सुलझाई कई समस्याएं
शारजाह में पढ़ने वाले 19 साल के कंप्यूटर इंजीनियरिंग के छात्र बशर नाइक आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) का इस्तेमाल करके असल दुनिया की समस्याओं को सुलझाकर खूब सुर्खियां बटोर रहे हैं।
मुंबई में जन्मे और संयुक्त अरब अमीरात (UAE) में पले-बढ़े बशर को बचपन से ही हैकाथॉन में हिस्सा लेने का शौक रहा है। वर्तमान में वे स्मार्ट खेती, पर्यावरण के अनुकूल परिवहन और सुरक्षित डिजिटल दुनिया जैसी मुश्किलों पर काम कर रहे हैं।
नाइक ने जीते कई UAE हैकाथॉन
किसानों के लिए नाइक का मिट्टी जांचने वाला टूल गिटेक्स यूथएक्स हैकाथॉन में पहले स्थान पर रहा। 2023 में ईंधन की खपत कम करने वाले उनके AI मॉडल ने RTA दुबई सस्टेनेबिलिटी एंड ट्रांसपोर्ट इनोवेशन हैकाथॉन में पहला पुरस्कार जीता।
उन्होंने डीपफेक का पता लगाने वाला एक एक्सटेंशन भी बनाया, जिसे TDRA इनोवेटएक्स हैकाथॉन में सबसे इनोवेटिव प्रोजेक्ट का सम्मान मिला। उनके काम को दुनियाभर में पहचान मिली है और उन्हें समाज सेवा के लिए कई पुरस्कार भी मिले हैं।
नाइक का कहना है, "UAE ने मुझे सिखाया है कि असली नवाचार केवल कुछ शानदार या तकनीकी रूप से एडवांस चीज बनाने के बारे में नहीं है। असली नवाचार तो वास्तविक चुनौतियों का सामना करने और लोगों की जिंदगी को बेहतर बनाने में है।"