वैज्ञानिकों ने बनाए जान बचाने वाले रोबो-कॉकरोच
ऑस्ट्रेलिया के वैज्ञानिकों ने एक साथ मिलकर ऐसे साइबोर्ग कॉकरोच बनाए हैं, जो आपदाओं के बाद लोगों की जान बचाने में अहम भूमिका निभा सकते हैं। इस प्रोजेक्ट का नाम 'पैराबॉर्ग' है।
इसमें इन कीड़ों की प्राकृतिक क्षमता का इस्तेमाल किया गया है, जो छोटी और तंग जगहों से आसानी से गुजर जाते हैं। इनकी इसी खूबी का फायदा उठाकर उन्हें ऐसी जगहों पर लोगों को खोजने और उन तक पहुंचने के लिए भेजा जा सकेगा, जहां इंसानों के लिए जाना बहुत जोखिम भरा होता है।
कॉकरोच में लगे होते हैं कैमरा और सिरिंज
टीम बड़े क्वींसलैंड कॉकरोच में छोटे इलेक्ट्रॉनिक उपकरण लगाती है। इन उपकरणों की मदद से टीम इन कीड़ों को इलेक्ट्रिक सिग्नल के जरिए नियंत्रित कर पाती है।
इन रोबो-कॉकरोच के 2 मॉडल बनाए गए हैं। एक में कैमरा लगा है, जो पीड़ितों को ढूंढने में मदद करेगा, वहीं दूसरे में एक छोटी सिरिंज फिट की गई है, जिससे जरूरतमंदों तक दवा पहुंचाई जा सकेगी।
लैब में हुए टेस्ट के दौरान इंजेक्शन देने वाला सिस्टम करीब 95 फीसदी कामयाब रहा, लेकिन यह तभी कामयाब हो पाया, जब कॉकरोच अपने लक्ष्य से 150 मिलीमीटर की दूरी पर था।
शोधकर्ताओं को उम्मीद है कि ये रोबो-कॉकरोच अगले 5 से 10 सालों में असली बचाव अभियानों के लिए तैयार हो जाएंगे।