आसुस 6 अगस्त को लॉन्च करेगी दमदार टैबलेट, मिलेगा डॉल्बी एटमॉस साउंड
आसुस भारत में पैड T3201 टैबलेट के साथ वापसी कर रहा है, जो 6 अगस्त को दोपहर 12 बजे लॉन्च होगा। इस टैबलेट में 12.2-इंच का बड़ा ओलेड डिस्प्ले दिया गया है।
इसके अलावा, इसमें मीडियाटेक डिमेंसिटी 8300 का तेज प्रोसेसर और 9,000mAh की दमदार बैटरी भी मिलेगी। खास बात यह है कि इस टैबलेट के साथ बॉक्स में ही एक प्रोटेक्टिव फोलियो केस भी मिलेगा।
ये हैं इस टैबलेट की खासियत
पैड T3201 में 2.8K ओलेड स्क्रीन है, जो 144Hz के स्मूथ रिफ्रेश रेट को सपोर्ट करती है। इसकी ब्राइटनेस 2,000 निट्स तक जा सकती है, जिससे मूवी देखने या गेमिंग का अनुभव बेहतरीन होगा।
इसमें 8GB रैम और 256GB तक की स्टोरेज मिलेगी, जिसे माइक्रो SD कार्ड से बढ़ाया जा सकता है। कनेक्टिविटी के लिए इसमें डॉल्बी एटमॉस स्पीकर्स, वाई-फाई 6E और ब्लूटूथ 5.3 दिए गए हैं। साथ ही फास्ट-चार्जिंग का सपोर्ट भी मिलता है।
यह टैबलेट जल्द ही फ्लिपकार्ट, आसुस ई-शॉप, रिलायंस डिजिटल और ऑफलाइन स्टोर्स पर उपलब्ध होगा। इसकी कीमत लॉन्च के समय ही बताई जाएगी।