सौर मंडल के बाहर के ग्रह से पहली बार आया रेडियो सिग्नल
खगोलविदों ने पहली बार हमारे सौर मंडल के बाहर के ग्रह (एक्सोप्लैनेट) से सीधे आने वाले रेडियो सिग्नल पकड़े हैं। यह एक्सोप्लैनेट बीटा पिक्टोरिस बी हमसे करीब 64 प्रकाश-वर्ष दूर है।
दक्षिण अफ्रीका के मीरकैट टेलिस्कोप का इस्तेमाल करके उन्होंने एक युवा गैस जायंट से ये सिग्नल पकड़े। इस खोज से हमारे सौर मंडल से बाहर के ग्रहों और उनके चुंबकीय क्षेत्रों को जानने के नए रास्ते खुल गए हैं।
ऑरोरा जैसे रेडियो सिग्नल से चला पता
ये रेडियो तरंगें बीटा पिक्टोरिस बी के वायुमंडल में होने वाली ऑरोरा जैसी गतिविधियों से जुड़ी हैं। इसे आसान भाषा में समझें तो यह बृहस्पति ग्रह पर दिखने वाली नॉर्दर्न लाइट्स जैसा ही कुछ है, बस इस ग्रह का अपना रूप है।
खास बात यह है कि जिस जगह से ये रेडियो सिग्नल निकल रहे हैं, वहां इस ग्रह का चुंबकीय क्षेत्र कम से कम 1,250 गॉस है। यह बृहस्पति के चुंबकीय क्षेत्र से भी कहीं ज्यादा ताकतवर है।
इससे वैज्ञानिकों को यह समझने के लिए नए सुराग मिले हैं कि एक्सोप्लैनेट कैसे काम करते हैं और समय के साथ कैसे बदलते हैं? आगे चलकर इस खोज से हमें दूसरे ग्रहों के छुपे हुए वातावरण के बारे में और भी बहुत कुछ जानने को मिल सकता है।