LOADING...
जीमेल में जरूरी ईमेल बार-बार स्पैम में जा रहे हैं? ऐसे करें समस्या दूर
जीमेल में जरूरी ईमेल स्पैम में जाने से रोकना आसान

जीमेल में जरूरी ईमेल बार-बार स्पैम में जा रहे हैं? ऐसे करें समस्या दूर

Jun 23, 2026
09:06 pm

क्या है खबर?

कई बार जीमेल में किसी भरोसेमंद व्यक्ति या कंपनी के ईमेल भी गलती से स्पैम फोल्डर में चले जाते हैं। इससे जरूरी जानकारी और काम से जुड़े मैसेज छूट सकते हैं। गूगल के मुताबिक, ऐसा तब होता है जब ईमेल को स्पैम से हटाया नहीं जाता, सेंडर को कॉन्टैक्ट में सेव नहीं किया जाता या सही फिल्टर नहीं बनाया जाता। हालांकि, कुछ आसान सेटिंग बदलकर इस परेशानी से आसानी से बचा जा सकता है।

#1

स्पैम फोल्डर से ईमेल बाहर निकालें

अगर किसी सेंडर का ईमेल स्पैम में चला गया है, तो सबसे पहले उसे स्पैम फ़ोल्डर से हटाएं। इसके लिए जीमेल खोलें और बाईं ओर मौजूद स्पैम सेक्शन में जाएं। जिस ईमेल को आप वापस इनबॉक्स में लाना चाहते हैं, उसे चुनकर 'नॉट स्पैम' विकल्प पर क्लिक करें। गूगल का कहना है कि इसके बाद उसी सेंडर के आने वाले ईमेल के दोबारा स्पैम में जाने की संभावना काफी कम हो जाती है।

#2

भरोसेमंद सेंडर को कॉन्टैक्ट में जोड़ें

गूगल सलाह देता है कि जिन लोगों या कंपनियों के ईमेल आपके लिए जरूरी हैं, उन्हें गूगल कॉन्टैक्ट्स में सेव कर लें। इसके लिए गूगल कॉन्टैक्ट्स में जाकर नया कॉन्टैक्ट बनाएं और उसमें नाम तथा ईमेल पता दर्ज करके सेव कर दें। मोबाइल पर भी कॉन्टैक्ट्स ऐप खोलकर यही प्रक्रिया पूरी की जा सकती है। ऐसा करने से जीमेल उस सेंडर को भरोसेमंद मानता है और उसके ईमेल स्पैम में नहीं भेजता।

Advertisement

#3

खास सेंडर के लिए फिल्टर भी बना सकते हैं

अगर आप चाहते हैं कि किसी खास व्यक्ति या कंपनी के ईमेल कभी भी स्पैम में न जाएं, तो जीमेल में फिल्टर बनाना सबसे अच्छा तरीका है। कंप्यूटर पर जीमेल खोलें, सर्च बार के विकल्प में जाकर सेंडर का ईमेल पता दर्ज करें और 'क्रिएट फिल्टर' चुनें। इसके बाद 'नेवर सेंड इट टू स्पैम' विकल्प पर टिक लगाकर फिल्टर सेव कर दें। इससे भविष्य में उस सेंडर के सभी ईमेल सीधे इनबॉक्स में आएंगे।

Advertisement