म्यूज पर निजी मैसेज तक पहुंचने का आरोप, ऐपल करने जा रही यह बदलाव
मेटा के म्यूज ऐप पर यूजर्स का निजी डाटा बिना अनुमति के एक्सेस करने का आरोप लगने के बाद ऐपल मैकOS के लिए नए सुरक्षा अपडेट्स लाने की तैयारी कर रही है।
जल्द ही आपका मैक आपको चेतावनी देगा, जब कोई आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) ऐप फुल-डिस्क एक्सेस मांगेगा। ऐसे में आपको फौरन पता चल जाएगा कि कौन-सा ऐप आपकी फाइल्स तक पहुंच बनाना चाहता है।
यह कदम कंपनी की उस पहल का हिस्सा है, जिसके तहत वह पारदर्शिता बढ़ाना चाहता है और यूजर्स को ज्यादा कंट्रोल देना चाहता है। दरअसल, जैसे-जैसे AI एजेंट्स ज्यादा सक्षम और आत्मनिर्भर होते जाएंगे, इस तरह के एक्सेस से जुड़े खतरे भी काफी बढ़ जाएंगे।
अनुमति देने के लिए मिलेगी स्पष्ट चेतावनी
मेटा का AI एजेंट म्यूज तब विवादों में घिर गया, जब आलोचकों ने उस पर निजी मैसेज तक पहुंच बनाने का आरोप लगाया। इसे निजता के लिए एक बड़ा खतरा बताया गया था।
फिलहाल, मैक पर ऐप्स को फुल-डिस्क एक्सेस की इजाजत मिल जाती है, बशर्ते यूजर उसे मंजूरी दे दे। हालांकि, ऐसी खबरें हैं कि कुछ डेवलपर्स ने इस भरोसे का गलत फायदा उठाया है।
इसी को देखते हुए ऐपल ऐसे और स्पष्ट कंट्रोल जोड़ने की तैयारी में है। इससे यूजर्स को कोई भी अनुमति देने से पहले ठीक से समझ आ जाएगा कि वे किस बात के लिए सहमति दे रहे हैं।
मेटा का कहना है कि यूजर्स कभी भी एक्सेस बंद कर सकते हैं, लेकिन ऐपल आपकी निजता को लेकर कोई जोखिम नहीं उठाना चाहता।