ऐपल आईफोन 17e को बड़े अपग्रेड के साथ करेगी लॉन्च, कितनी हो सकती है कीमत?
क्या है खबर?
ऐपल का अगला एंट्री-लेवल स्मार्टफोन आईफोन 17e अब लॉन्च के बेहद करीब बताया जा रहा है। ब्लूमबर्ग के मुताबिक, कंपनी जल्द ही इसे बाजार में उतार सकती है। यह फोन खासतौर पर उन यूजर्स के लिए है जो कम कीमत में ऐपल का भरोसा चाहते हैं। माना जा रहा है कि यह मॉडल भारत जैसे बाजारों पर फोकस करेगा, जहां किफायती आईफोन की मांग लगातार बनी हुई है और यूजर्स लंबे समय से बेहतर अपग्रेड का इंतजार कर रहे थे।
अपग्रेड
आईफोन 17e में मिल सकते हैं बड़े अपग्रेड
लीक्स के अनुसार, आईफोन 17e में कई अहम अपग्रेड देखने को मिल सकते हैं। इसमें नया A19 चिपसेट मिलने की उम्मीद है, जो बेहतर स्पीड और परफॉर्मेंस देगा। इसके अलावा, मैगसेफ चार्जिंग सपोर्ट जोड़ा जा सकता है, जो पहले बजट आईफोन में नहीं मिलता था। नया सेलुलर मॉडेम और बेहतर वायरलेस कनेक्टिविटी भी इसमें शामिल हो सकती है, जिससे नेटवर्क और डाटा परफॉर्मेंस पहले से ज्यादा मजबूत होने की संभावना है।
डिजाइन
डिजाइन और कनेक्टिविटी में भी सुधार की उम्मीद
डिजाइन के मामले में आईफोन 17e में बड़े बदलाव की उम्मीद कम है, लेकिन कुछ नए फीचर्स जुड़ सकते हैं। रिपोर्ट्स में सिंगल रियर कैमरा और नॉच डिजाइन की बात कही जा रही है। इसके साथ ही वाई-फाई 7 और बेहतर ब्लूटूथ सपोर्ट मिलने की संभावना है। अगर इसमें अल्ट्रा-वाइडबैंड सपोर्ट आता है, तो एयर टैग जैसे डिवाइस के साथ बेहतर ट्रैकिंग संभव होगी, जिससे रोजमर्रा के इस्तेमाल में सुविधा बढ़ेगी।
कीमत
कितनी हो रही है कीमत?
कीमत की बात करें तो आईफोन 17e के पिछले मॉडल जैसी ही कीमत पर आने की संभावना है। रिपोर्ट्स के अनुसार, इसकी शुरुआती कीमत लगभग 599 डॉलर हो सकती है। भारत में यह करीब 59,900 रुपये के आसपास लॉन्च हो सकता है। माना जा रहा है कि कंपनी बिना कीमत बढ़ाए नए फीचर्स दे सकती है। एक्सेसरी मेकर्स की तैयारी को देखते हुए फरवरी में इसका लॉन्च संभव माना जा रहा है।