ऐपल नए सिरी को बड़े AI अपग्रेड के साथ करेगी लॉन्च, टीजर से मिले संकेत
क्या है खबर?
ऐपल अपने वर्चुअल असिस्टेंट सिरी के नए वर्जन पर काम कर रही है। उम्मीद है कि कंपनी इसे WWDC 2026 इवेंट में पेश कर सकती है, जो 8 जून से शुरू होगा। रिपोर्ट्स के मुताबिक, ऐपल ने अपने टीजर में ही नए सिरी को लेकर हल्का संकेत दे दिया है। इससे साफ है कि कंपनी इस बार सिरी में बड़ा बदलाव लाने की तैयारी कर रही है और इसे पहले से ज्यादा स्मार्ट बनाने पर काम चल रहा है।
लुक
नए सिरी में दिख सकता है नया ग्लो लुक
रिपोर्ट्स के अनुसार, ऐपल सिरी के डिजाइन में बदलाव कर सकता है। WWDC 2026 के लोगो में दिख रहा खास ग्लो इफेक्ट नए सिरी के लुक का संकेत माना जा रहा है। यह चमकदार इफेक्ट स्क्रीन पर एक नए विजुअल स्टाइल के रूप में दिखाई दे सकता है। माना जा रहा है कि सिरी इस्तेमाल करते समय स्क्रीन या डायनामिक आइलैंड के आसपास ऐसा ग्लो दिखेगा, जिससे इसका अनुभव पहले से ज्यादा आधुनिक और अलग लगेगा।
फीचर्स
फीचर्स में भी बड़ा बदलाव संभव
नए सिरी में सिर्फ डिजाइन ही नहीं, बल्कि काम करने का तरीका भी बदल सकता है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह ज्यादा समझदार होगा और मुश्किल सवालों का जवाब बेहतर तरीके से दे सकेगा। इसमें नए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) मॉडल्स का इस्तेमाल किया जा सकता है, जिससे यह एक चैटबॉट की तरह काम करेगा। इसके साथ ही, ऐपल एक अलग सिरी ऐप भी ला सकता है, जिससे यूजर्स को ज्यादा आसान और बेहतर अनुभव मिलेगा।
लॉन्च
कब तक होगा लॉन्च?
ऐऐपल नए सिरी की झलक WWDC 2026 में दिखा सकती है, लेकिन इसे इस्तेमाल करने के लिए थोड़ा इंतजार करना पड़ सकता है। माना जा रहा है कि इसे iOS 27 अपडेट के साथ सितंबर में लॉन्च किया जाएगा। यह नए आईफोन मॉडल्स के साथ आ सकता है। कंपनी अपने नए सॉफ्टवेयर अपडेट के जरिए सिरी को पूरी तरह बदलने की योजना बना रही है, जिससे यूजर्स को नया और बेहतर अनुभव मिल सके।