Page Loader
आंध्र प्रदेश: ऐपल को पुर्जे भेजने वाली कंपनी फॉक्सलिंक में लगी आग, उत्पादन ठप
आग लगने के वजह के बारे में फिलहाल जानकारी उपलब्ध नहीं है (तस्वीर: अनस्प्लैश)

आंध्र प्रदेश: ऐपल को पुर्जे भेजने वाली कंपनी फॉक्सलिंक में लगी आग, उत्पादन ठप

Feb 28, 2023
09:44 am

क्या है खबर?

ऐपल आपूर्तिकर्ता फॉक्सलिंक ने आंध्र प्रदेश में अपनी फैक्ट्री में भीषण आग लगने के बाद उत्पादन बंद कर दिया है और अपने 400 कर्मचारियों को सुरक्षित निकाल लिया है। आंध्र प्रदेश के तिरुपति जिले के अग्निशमन सेवा विभाग का नेतृत्व करने वाले जे रामनैया ने बताया कि फैक्ट्री में लगभग 50 प्रतिशत मशीनरी क्षतिग्रस्त हो गई है और इमारत का आधा हिस्सा गिर गया है। इस आग में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं मिली है।

नुकसान

एक अरब रुपये का हुआ नुकसान

ताइवान की चेंग यूई प्रिसिजन इंडस्ट्री कंपनी की इकाई फॉक्सलिंक आईफोन चार्जर के लिए केबल बनाती है। इसने 2020 में आंध्र प्रदेश में फैक्ट्री स्थापित की थी। आग लगने के वजह के बारे में फिलहाल जानकारी नहीं है और प्रबंधन ने इस भीषण आग से लगभग एक अरब रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया है। इस आग का ऐपल पर क्या व्यावसायिक प्रभाव पड़ा है, इस बारे में कंपनी की ओर से कोई जानकारी नहीं दी गई है।