Page Loader
ऐपल सैन डिएगो की AI टीम करेगी बंद, कई कर्मचारियों की जाएगी नौकरी
ऐपल सैन डिएगो की AI टीम बंद करेगी (तस्वीर: अनस्प्लैश)

ऐपल सैन डिएगो की AI टीम करेगी बंद, कई कर्मचारियों की जाएगी नौकरी

Jan 14, 2024
11:15 am

क्या है खबर?

टेक दिग्गज कंपनी ऐपल अपनी आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) संचालन से संबंधित एक टीम को बंद करने जा रही है। ब्लूमबर्ग की रिपोर्ट के अनुसार, ऐपल सैन डिएगो में AI संचालन से संबंधित 121 सदस्यों वाली टीम डाटा ऑपरेशंस एनोटेशन बंद कर रही। टीम के बंद होने से कई कर्मचारियों के नौकरी जाने की भी आशंका जताई जा रही है। सैन डिएगो समूह को बंद करने की घोषणा ऐपल के अधिकारी क्रिस्टीन डेफिलिपो ने की थी।

कर्मचारी

ऑस्टिन भेजे जाएंगे कर्मचारी

डाटा ऑपरेशंस एनोटेशन टीम के सदस्यों को बताया गया है कि उन्हें ऑस्टिन भेजा जाएगा, जहां वे टेक्सास की टीम में शामिल होंगे। ऐपल ने डाटा ऑपरेशंस एनोटेशन टीम के कर्मचारियों से कहा कि उनके पास यह तय करने के लिए फरवरी के अंत तक का समय है कि वे ऑस्टिन जाएंगे या नहीं। सैन डिएगो के कर्मचारी अगर ऑस्टिन नहीं जाते हैं तो 26 अप्रैल को उनको बर्खास्त कर दिया जाएगा।

सहायता

कंपनी छोड़ने वाले कर्मचारियों को क्या मिलेगा?

ऐपल के दर्जनों कर्मचारी ऑस्टिन जाने के बजाय कंपनी से इस्तीफा दे सकते हैं। कंपनी ने कर्मचारियों से कहा कि वे अन्य नौकरियों के लिए आवेदन कर सकते हैं। कंपनी ऑस्टिन जाने वाले कर्मचारियों को 7,000 डॉलर (लगभग 5.80 लाख रुपये) की स्थानांतरण सहायता राशि प्रदान करेगी और जो लोग कंपनी से इस्तीफा देंगे कंपनी उन्हें 4 हफ्ते का वेतन प्रदान करेगी। इसके साथ ही उन कर्मचारियों को 6 महीने का स्वास्थ्य बीमा भी मिलेगा।