ऐपल के इवेंट में कल हो सकती हैं कई बड़ी घोषणा, जानिए कब होगा शुरू
ऐपल बुधवार (9 सितंबर) को क्यूपर्टिनो में अपना बड़ा इवेंट आयोजित कर रहा है। भारतीय समयानुसार यह इवेंट रात 10:30 बजे शुरू होगा।
उम्मीद है कि इस इवेंट में नए आईफोन 18 प्रो और प्रो मैक्स लॉन्च किए जाएंगे। साथ ही कुछ रिपोर्ट्स के मुताबिक, कंपनी अपना पहला फोल्डेबल आईफोन भी पेश कर सकती है।
यह आईफोन किताब की तरह फोल्ड होगा। हालांकि, कंपनी ने अभी तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
यहां लाइव देख सकेंगे इवेंट
आप इस इवेंट को ऐपल के यूट्यूब चैनल या कंपनी की इवेंट्स पेज पर लाइव देख पाएंगे। इससे जुड़े अपडेट ऐपल के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर भी लगातार मिलते रहेंगे।
नए हार्डवेयर के साथ ही कंपनी IOS के अगले वर्जन और अपने ऐपल इंटेलिजेंस प्लेटफॉर्म में आने वाले अपडेट्स के बारे में भी जानकारी देगी।
आईफोन 18 प्रो मैक्स में कई खास बदलाव देखने को मिल सकते हैं। इसमें डायनेमिक आइलैंड पहले से कम जगह घेरेगा, बेहतर डिजाइन मिलेगा और नया A20 प्रो चिप भी होगा। साथ ही, इसमें वेरिएबल-अपर्चर वाला दमदार प्राइमरी कैमरा भी मिल सकता है।