भारत में ऐपल मैप्स को मिला बड़ा अपडेट, नेविगेशन हुआ पहले से बेहतर
क्या है खबर?
ऐपल ने भारत में अपने मैप्स ऐप ऐपल मैप्स को बड़ा अपडेट दिया है, जिसमें भारतीय सड़कों और यहां के लोगों की जरूरतों को ध्यान में रखकर कई नए फीचर जोड़े गए हैं। कंपनी का उद्देश्य रोजाना सफर करने वाले लोगों के लिए रास्ते ढूंढना और मंजिल तक पहुंचना आसान बनाना है। नए अपडेट में बेहतर नेविगेशन के साथ कई ऐसी सुविधाएं शामिल हैं, जो शहरों में यात्रा के दौरान यूजर्स के काम आएंगी।
अपडेट
3D लैंडमार्क और AR वॉकिंग डायरेक्शन की सुविधा
ऐपल मैप्स में अब 3D लैंडमार्क, लुक अराउंड और ऑगमेंटेड रियलिटी (AR) वॉकिंग डायरेक्शन जैसे फीचर मिलेंगे।
लुक अराउंड की मदद से लोग आसपास की सड़कों को हाई क्वालिटी तस्वीरों में देख सकेंगे। वहीं, AR वॉकिंग डायरेक्शन में आईफोन कैमरे के जरिए आसपास की इमारतों को पहचानकर स्क्रीन पर रास्ते के तीर दिखाई देंगे।
इसके अलावा, अपडेट में 300 से भी अधिक मशहूर जगहों के 3D मॉडल भी जोड़े गए हैं।
भाषा
भारतीय सड़कों के हिसाब से बदला नेविगेशन और
नए अपडेट में सिरी अब रास्ता बताने के लिए पेट्रोल पंप और दूसरी पहचानी जाने वाली जगहों का इस्तेमाल करेगी, जिससे लोगों को दिशा समझने में आसानी होगी।
ऐप में अंग्रेजी के साथ स्थानीय भाषाओं में भी जगहों के नाम दिखाई देंगे। यूजर्स की लोकेशन और फोन की सेटिंग के आधार पर हिंदी, मराठी, बंगाली, गुजराती, तमिल, तेलुगु समेत कई भाषाओं में जानकारी उपलब्ध होगी।
इसके अलावा, लेन गाइडेंस गलत मोड़ लेने से बचाने में मदद करेगी।
सुविधाएं
ट्रेन यात्रा से लेकर प्राइवेसी तक कई सुविधाएं
यूजर्स अब एक यात्रा में 15 स्टॉप तक जोड़ सकेंगे और आईफोन, आईपैड व मैक के बीच रूट साझा कर सकेंगे।
ऐप दिल्ली, मुंबई, बेंगलुरु समेत कई शहरों में सार्वजनिक परिवहन की जानकारी और भारतीय रेलवे के रूट भी दिखाएगा। ट्रेन में उतरने के समय सूचना मिलेगी और कार से यात्रा के दौरान पहुंचने का समय साझा किया जा सकेगा।
इलेक्ट्रिक कारों के लिए चार्जिंग स्टॉप भी जोड़े जाएंगे। कंपनी के अनुसार निजी जानकारी डिवाइस पर सुरक्षित रखी जाएगी।