ऐपल ने मैक स्टूडियो के साथ M5 मैक्स और M5 अल्ट्रा चिप किया लॉन्च, जानिए खासियत
क्या है खबर?
ऐपल ने मंगलवार (25 अगस्त) को नया मैक स्टूडियो पेश किया है, जिसमें M5 मैक्स और बिल्कुल नया M5 अल्ट्रा पेश किया है। कंपनी के मुताबिक, नया मॉडल मुश्किल प्रोफेशनल काम, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), ग्राफिक्स और डाटा से जुड़े कामों के लिए बनाया गया है। ऐपल का दावा है कि इसमें पिछली पीढ़ी के मुकाबले 4.3 गुना तक तेज AI परफॉर्मेंस, दो गुना तेज स्टोरेज, 1.8 गुना तेज ग्राफिक्स और 1.3 गुना तेज CPU परफॉर्मेंस मिलती है।
M5 मैक्स
M5 मैक्स में 18-कोर CPU और 40-कोर GPU
M5 मैक्स वाले मैक स्टूडियो में 18-कोर CPU और 40-कोर GPU दिया गया है।
इसमें 128GB तक यूनिफाइड मेमोरी मिलती है, जिससे बड़े और मुश्किल प्रोजेक्ट संभालना आसान होता है। CPU में छह सुपर कोर और 12 परफॉर्मेंस कोर हैं। GPU में न्यूरल एक्सेलरेटर दिए गए हैं, जो AI कामों को तेज करते हैं।
इसमें 614GB/s तक मेमोरी बैंडविड्थ मिलती है। साथ ही, बेहतर रे ट्रेसिंग और शेडर कोर ग्राफिक्स की गुणवत्ता सुधारते हैं।
M5 अल्ट्रा
M5 अल्ट्रा में 512GB तक यूनिफाइड मेमोरी
M5 अल्ट्रा वाला मैक स्टूडियो 36-कोर CPU और 80-कोर GPU के साथ आता है।
इसमें 512GB तक यूनिफाइड मेमोरी और 1.2TB/s तक मेमोरी बैंडविड्थ मिलती है। इससे बड़े AI मॉडल सीधे कंप्यूटर पर चलाए जा सकते हैं। ऐपल के अनुसार, यह M3 अल्ट्रा की तुलना में 4.3 गुना तक ज्यादा पीक AI कंप्यूट परफॉर्मेंस देता है।
इसके GPU में न्यूरल एक्सेलरेटर हैं, जो AI इंफरेंस को तेज करने में मदद करते हैं।
मैक स्टूडियो
वीडियो और ग्राफिक्स काम के लिए भी दमदार
नए मैक स्टूडियो में PCIe जेन 6 आधारित SSD आर्किटेक्चर दिया गया है, जिससे स्टोरेज दो गुना तक तेज हो सकता है।
M5 अल्ट्रा मॉडल में एम5 मैक्स की तुलना में दोगुने वीडियो एन्कोड और डिकोड ब्लॉक हैं। यह 30fps पर एक साथ 33 8K प्रोरेस 422 वीडियो स्ट्रीम संभाल सकता है।
इसमें हार्डवेयर आधारित रे ट्रेसिंग, बेहतर शेडर कोर और H.264, HEVC, प्रोरेस और AV1 जैसे वीडियो फॉर्मेट का सपोर्ट मिलता है।
अन्य फीचर्स
थंडरबोल्ट 5 से कई मैक स्टूडियो जोड़े जा सकेंगे
मैक स्टूडियो में कनेक्टिविटी के लिए थंडरबोल्ट 5, वाई-फाई 7 और ब्लूटूथ 6 का सपोर्ट दिया गया है।
थंडरबोल्ट 5 और RDMA की मदद से कई मैक स्टूडियो सिस्टम को आपस में जोड़ा जा सकता है। ऐपल के मुताबिक, चार सिस्टम का क्लस्टर एक अकेले मैक स्टूडियो की तुलना में तीन गुना तक तेज AI इंफरेंस दे सकता है।
डिवाइस में आठ डिस्प्ले तक जोड़ने की सुविधा भी मिलती है, जिससे बड़े प्रोफेशनल सेटअप बनाए जा सकते हैं।
कीमत
मैक स्टूडियो की कीमत 2,499 डॉलर से शुरू
नए मैक स्टूडियो की कीमत M5 मैक्स मॉडल के लिए 2,499 डॉलर से शुरू होती है।
यह पिछली पीढ़ी के मॉडल की शुरुआती कीमत के बराबर है। वहीं, M5 अल्ट्रा वाले मैक स्टूडियो की शुरुआती कीमत 5,499 डॉलर रखी गई है। यह पिछले M3 अल्ट्रा मॉडल की शुरुआती कीमत 5,299 डॉलर से ज्यादा है।
M5 अल्ट्रा वाला मॉडल खासतौर पर बड़े AI मॉडल, वीडियो प्रोसेसिंग और दूसरे बेहद भारी कंप्यूटिंग काम करने वाले यूजर्स के लिए बनाया गया है।