ऐपल मुनाफा बढ़ाने के लिए ऐप स्टोर में करने जा रही बदलाव
ऐपल अपने ऐप स्टोर में कुछ बड़े बदलाव लाने वाली है। कंपनी का मकसद मुनाफा बढ़ाना और अपनी कमाई को और ज्यादा स्थिर बनाना है।
कंपनी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) जॉन टर्नस और वरिष्ठ उपाध्यक्ष एडी क्यू इन बदलावों की अगुवाई कर रहे हैं। उम्मीद है कि ये नए अपडेट अगले कुछ सप्ताह या महीनों में सामने आ सकते हैं।
ऐप स्टोर पहले से ही हर साल करीब 3 अरब डॉलर (करीब 285 अरब रुपये) की कमाई करता है। ऐसे में यह कदम कंपनी के लिए काफी अहम माना जा रहा है।
ऐपल में नेतृत्व में बड़ा फेरबदल
ये बदलाव ऐसे समय में हो रहे हैं, जब ऐपल के नेतृत्व में कई बड़े फेरबदल हुए हैं। इस महीने की शुरुआत में टिम कुक की जगह टर्नस ने CEO का पद संभाला है।
दूसरी तरफ, पूर्व मुख्य वित्तीय अधिकारी (CFO) लुका माएस्ट्रि, ऐप स्टोर और ऐपल इवेंट्स के प्रमुख फिल शिलर ने अपने पुराने पदों से इस्तीफा दे दिया है।
हालांकि, फिल शिलर को डेवलपर्स और नियामकों की तरफ से संभावित विरोध की चिंता थी, लेकिन उन्होंने इन अपडेट्स को रोकने की कोशिश नहीं की।
अब एडी क्यू के नेतृत्व में ऐपल अपनी ऐप स्टोर रणनीति पर भी फिर से विचार कर रहा है। यह एपिक गेम्स के साथ फीस और भुगतान नियमों को लेकर हुए बड़े कानूनी विवाद के बाद उठाया गया कदम है।