ऐपल का विजन प्रो वजन में हल्का और किफायती होगा
ऐपल एक नया विजन प्रो हेडसेट तैयार कर रहा है, जिसका कोडनेम N224 है। ये नया हेडसेट आपके सिर पर पहले से हल्का होगा और जेब पर भी कम भारी पड़ेगा।
कंपनी ने पहले कुछ मॉडल पर काम किया था, लेकिन वे उतने सफल नहीं हुए। अब आईफोन निर्माता का पूरा ध्यान अपने आगामी पहनने वाले गैजेट्स को और ज्यादा उपयोगी और लोगों को पसंद आने वाला बनाने पर है।
2027 तक स्मार्ट ग्लासेज लॉन्च की योजना
हेडसेट का वजन कम रखने के लिए ऐपल प्लास्टिक और टाइटेनियम जैसी सामग्री का इस्तेमाल कर रही है। कंपनी एक ऐसे डिजाइन पर भी विचार कर रही है, जिसमें बैटरी और कंप्यूटिंग के सारे पार्ट्स एक अलग 'पक' में रखे जाएंगे।
हालांकि, ऐपल में हर कोई इस आइडिया से पूरी तरह सहमत नहीं है। इसके अलावा, कंपनी 2027 तक स्मार्ट ग्लासेज भी बाजार में लाना चाहती है, ताकि वह मेटा के रे-बैन जैसे उत्पादों को सीधी टक्कर दे सके, लेकिन आप अगले विजन प्रो का इंतजार कर रहे हैं तो इसमें अभी काफी वक्त है। ये शायद 2028 के आखिर या 2029 की शुरुआत तक ही बाजार में आएगा।