Page Loader
ऐपल इंटेलिजेंस भारत में अप्रैल में हाेगा लॉन्च, मिलेगा कई भाषाओं का सपोर्ट 
ऐपल इंटेलिजेंस को कई भाषाओं में पेश किया जाएगा (तस्वीर: अनस्प्लैश)

ऐपल इंटेलिजेंस भारत में अप्रैल में हाेगा लॉन्च, मिलेगा कई भाषाओं का सपोर्ट 

Jan 31, 2025
12:11 pm

क्या है खबर?

टेक कंपनी ऐपल का ऐपल इंटेलिजेंस भारत में अप्रैल में लॉन्च होगा। कंपनी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) टिम कुक ने इसकी पुष्टि की है। इसे कई अन्य भाषाओं के साथ भारतीय बाजार में स्थानीय अंग्रेजी में पेश किया जाएगा। उन्होंने इसकी घोषणा वित्त वर्ष 2025 की पहली तिमाही के राजस्व आंकड़ों की जानकारी देते समय विश्लेषकों से बातचीत के दौरान की थी। कंपनी ने इस दौरान 124.3 अरब डॉलर (करीब 10,759 अरब रुपये) का तिमाही राजस्व दर्ज किया है।

फायदा 

उपयोग हो जाएगा आसान 

कंपनी प्रमुख टिम कुक ने कहा, "हम एप्पल इंटेलिजेंस को और भी आगे ले जाने के लिए कड़ी मेहनत कर रहे हैं।" इसके साथ ही खुलासा किया कि ऐपल इंटेलिजेंस अप्रैल में फ्रेंच, जर्मन, इतालवी, पुर्तगाली, स्पेनिश, जापानी, कोरियाई और सरलीकृत चीनी सहित अधिक भाषाओं में आएगा। यह सर्विस सिंगापुर और भारत के लिए स्थानीय अंग्रेजी भाषा में भी उपलब्ध होगी। इससे ऐपल की इस सुविधा का उपयोग करना सभी यूजर्स के लिए आसान हो जाएगा।

काम 

यह काम करेगा ऐपल इंटेलिजेंस

ऐपल इंटेलिजेंस कंपनी का आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) फीचर्स का सुइट है। इसमें ऑन-डिवाइस AI प्रोसेसिंग, iOS, मैकओएस और आईपैडओएस में AI-संचालित लेखन टूल और जेनरेटिव AI के साथ स्मार्ट फोटो एडिट शामिल है। यूजर्स को AI-संचालित ईमेल सारांश, इंटेलिजेंट सर्च, एडवांस ऐप सुझाव, रियल टाइम वॉयस ट्रांसक्रिप्शन और बेहतर ऑटो-करेक्ट भी मिलता है। ऑन-डिवाइस AI मॉडल और क्लाउड-असिस्टेड प्रोसेसिंग के साथ इसका लक्ष्य तेज, सुरक्षित और वैयक्तिकृत यूजर अनुभव प्रदान करना है।