ऐपल मैप्स पर घरेलू सेवाओं से जुड़े विज्ञापनों पर लगाई रोक
ऐपल ने मैप्स ऐप के लिए एक नई विज्ञापन नीति लागू की है। इसके तहत, प्लंबर, इलेक्ट्रिशियन, छत ठीक करने वाले, ताला बनाने वाले और कॉन्ट्रैक्टर जैसे घर से जुड़ी सेवाएं देने वाले व्यवसायों के विज्ञापनों पर रोक लग जाएगी। क्रिप्टो ATM और बेल बॉन्ड से जुड़ी सेवाओं के विज्ञापन भी इस नई नीति से बाहर कर दिए गए हैं। आईफोन निर्माता का कहना है कि वह यूजर्स की सुरक्षा और उनकी निजता को और बेहतर बनाने के लिए यह बदलाव कर रहा है।
मेडिकल विज्ञापन जांच के बाद दिखेंगे
मेडिकल सेवाओं से जुड़े विज्ञापन अभी भी ऐपल मैप्स पर दिखेंगे, लेकिन इन्हें लाइव करने से पहले अच्छी तरह जांचा जाएगा। जब मैप्स पर विज्ञापन दिखना शुरू होंगे (अमेरिका और कनाडा) तो वे नीले रंग के घेरे और साफ 'विज्ञापन' लेबल के साथ दिखेंगे।
इन विज्ञापनों के साथ आपकी जो भी बातचीत होगी, वह आपके डिवाइस पर ही सुरक्षित रहेगी। ऐपल ने कुछ कड़े नियम भी बनाए हैं, जिनमें गलत जानकारी, राजनीति, हथियार या हिंसा से जुड़ी किसी भी सामग्री को बढ़ावा देने वाले विज्ञापनों को जगह नहीं मिलेगी।
अगर, कोई इन नियमों का उल्लंघन करता है तो उसके विज्ञापन तुरंत हटा दिए जाएंगे। कंपनी का मकसद अपने मैप्स के विज्ञापन स्पेस को सुरक्षित और भरोसेमंद बनाए रखना है।