ओवन-टीवी में खुद को कॉपी करेगा AI, एंथ्रोपिक ने दी चेतावनी
एंथ्रोपिक ने एक नया अध्ययन जारी किया है, जिसमें एक बड़ी चेतावनी दी गई है। इसके मुताबिक, इस साल के खत्म होते-होते छोटे आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) प्रोग्राम खुद ही स्मार्ट टीवी और ओवन जैसे हमारे रोजमर्रा के इस्तेमाल वाले डिवाइसेज में अपनी कॉपी बनाना शुरू कर सकते हैं।
कंपनी की फ्रंटियर रेड टीम के AI सुरक्षा शोधकर्ता विलियम झोउ और डैनियल फ्रीमैन ने पाया कि ये AI अलग-अलग गैजेटस में आसानी से फैल सकते हैं।
यह बात साइबर सुरक्षा के लिए एक बड़ी चिंता पैदा करती है क्योंकि एक बार अगर, ये AI खुद को फैलाना शुरू कर दें तो इन्हें रोक पाना बहुत मुश्किल होगा।
मजबूत पासवर्ड बनाने की सलाह
ये खुद को कॉपी करने वाले AI एक तरह के डिजिटल कीड़ों की तरह होते हैं। ये किसी की नजर में आए बिना एक से दूसरे डिवाइस में फैलते रहते हैं।
स्मार्ट फ्रिज और सिक्योरिटी कैमरा जैसे डिवाइस खास तौर पर खतरे में आ सकते हैं, अगर उनकी सुरक्षा में कोई कमी है।
विशेषज्ञों ने इन AI के फैलाव को रोकने के लिए मजबूत पासवर्ड इस्तेमाल करने और नेटवर्क की बेहतर निगरानी करने की सलाह दी है। उन्होंने यूजर्स और मैन्युफैक्चरर्स दोनों को यह भी याद दिलाया कि हमारी इस कनेक्टेड दुनिया में डिवाइसों की सुरक्षा अब पहले से कहीं ज्यादा जरूरी हो गई है।