एंथ्रोपिक क्लाउड ने 14 बीमारियों के लिए डिजाइन किए प्रोटीन बाइंडर
एंथ्रोपिक के क्लाउड आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) ने एक बड़ी कामयाबी हासिल की है। इसने 15 में से 14 मेडिकल चुनौतियों के लिए ऐसे प्रोटीन बाइंडर्स डिजाइन किए हैं, जो बीमारियों के लक्ष्यों को रोकते हैं।
ये बाइंडर्स नई दवाइयां बनाने के लिए बहुत जरूरी होते हैं। आमतौर पर किसी एक बीमारी के लक्ष्य के लिए इन्हें बनाने में कई सप्ताह या महीनों का समय लगता है, लेकिन क्लाउड AI ने यह काम बेहद तेजी से कर दिखाया है।
क्लाउड ने बनाए कुल 1,320 डिजाइन
क्लाउड AI ने कुल 1,320 डिजाइन बनाए। जब इनकी लैब में जांच हुई तो 354 डिजाइन कारगर साबित हुए। इनमें से कुछ तो इतने अच्छे थे कि वे आज मौजूद सबसे बेहतरीन बाइंडर्स के बराबर या उनसे भी बेहतर थे।
कम से कम 4 लक्ष्यों के लिए नतीजे बहुत ही शानदार रहे, यानि कम खुराक में भी ज्यादा असरदार दवाइयां बन सकेंगी। इन नतीजों की लैब में दोबारा पुष्टि करने के लिए एंथ्रोपिक ने अडैप्टिव बायो और ट्विस्ट बायोसाइंस के साथ मिलकर काम किया।
हालांकि, यह अभी शुरुआती दौर है और आगे और जांच की जरूरत होगी, फिर भी यह दिखाता है कि AI दवाइयों के क्षेत्र में कितना बड़ा बदलाव ला सकता है।