एंथ्रोपिक के नए AI टूल ने बढ़ाई निवेशकों की चिंता, जानिए क्या है कारण
क्या है खबर?
एंथ्रोपिक के हाल ही में लॉन्च किए गए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) ऑटोमेशन टूल ने वैश्विक प्रौद्योगिकी बाजारों में नई चिंताएं पैदा कर दी हैं। इसका कारण है कि AI मुख्य सॉफ्टवेयर और आउटसोर्सिंग व्यापार मॉडल्स का केवल सपोर्ट करने के बजाय उन्हें प्रतिस्थापित कर सकती है। इससे अमेरिकी सॉफ्टवेयर शेयरों में रातों-रात भारी बिकवाली हुई, जिसका असर यूरोप और एशिया में भी देखने को मिला। इसका इंफोसिस, विप्रो और टाटा कंसलेटेसी सर्विसेज (TCS) के शेयरों पर भी असर पड़ेगा।
खासियत
क्या है नए टूल की खासियत?
एंथ्रोपिक ने हाल ही में क्लाउड कोवर्क एजेंट के लिए 11 नए प्लग-इन जारी किए हैं। यह एक एजेंटिक, नो-कोड AI असिस्टेंस है, जिसे एंटरप्राइज यूजर्स के लिए डिजाइन किया गया है। इस टूल का उद्देश्य कानूनी, बिक्री, विपणन और डाटा विश्लेषण कार्यों में ऑटोमेशन करना है, जिससे सॉफ्टवेयर इकोसिस्टम में व्यवधान की आशंकाएं बढ़ गई हैं। क्लाउड एजेंट सीधे उन कार्यों को कर सकते हैं, जिनके लिए पहले सेल्सफोर्स या सर्विसनाउ जैसे प्लेटफॉर्म के इंटरफेस की आवश्यकता होती थी।
चिंता
निवेशकों में इस कारण बढ़ी चिंता
कानूनी प्रक्रियाओं के अलावा, बिक्री, विपणन और डाटा वर्कफ्लो के लिए लक्षित टूल्स ने सेल्सफोर्स, डोक्यूसाइन, एडोब, वर्कडे और सर्विसनाउ सहित कई कंपनियों के लिए चिंता बढ़ा दी है। इनमें से कई के शेयरों में रातों-रात 6 से 8 फीसदी की गिरावट आई है। ब्लूमबर्ग के अनुसार, एंथ्रोपिक की वेबसाइट पर इसकी विस्तारित कोवर्क क्षमताओं, विशेष रूप से कानूनी क्षेत्र को लक्षित करने वाली क्षमताओं के बारे में प्रकाशित विवरणों ने निवेशकों के मन में डर पैदा कर दिया है।