LOADING...
एंथ्रोपिक ने नया AI कोड रिव्यू टूल किया लॉन्च, क्या है इसकी खासियत?
एंथ्रोपिक ने नया AI कोड रिव्यू टूल किया लॉन्च

एंथ्रोपिक ने नया AI कोड रिव्यू टूल किया लॉन्च, क्या है इसकी खासियत?

Mar 10, 2026
01:19 pm

क्या है खबर?

आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) कंपनी एंथ्रोपिक ने अपने क्लाउड कोड प्लेटफॉर्म में एक नया फीचर लॉन्च किया है, जिसे कोड रिव्यू कहा जा रहा है। यह टूल सॉफ्टवेयर कोड को कंपनी के कोडबेस में जोड़ने से पहले जांचने के लिए बनाया गया है। कंपनी का कहना है कि AI टूल्स अब बहुत तेजी से कोड बना रहे हैं, जिससे मैनुअल रिव्यू में देरी होती है। ऐसे में यह नया फीचर डेवलपर्स को गलतियां जल्दी पहचानने में मदद करेगा।

काम

यह टूल कैसे करता है काम?

कंपनी के अनुसार, जब डेवलपर्स पुल रिक्वेस्ट के जरिए नया कोड जमा करते हैं, तो यह सिस्टम कई AI एजेंट्स की मदद से उसका विश्लेषण करता है। हर एजेंट अलग तरह काम करता है। कुछ लॉजिकल गलती ढूंढते हैं, जबकि कुछ ऐसे हालात देखते हैं जहां सॉफ्टवेयर फेल हो सकता है। इसके बाद एक सिस्टम सभी नतीजों को जोड़कर महत्वपूर्ण समस्याओं की सूची बनाता है, जिससे डेवलपर्स को तुरंत जरूरी सुधार दिख जाते हैं।

खासियत

टूल की खासियत क्या है?

इस AI टूल की खासियत यह है कि यह कोड की खास लाइनों पर सीधे कमेंट देता है। इसमें बताया जाता है कि समस्या क्या है, यह क्यों जरूरी है और इसे कैसे ठीक किया जा सकता है। समस्याओं को अलग-अलग रंगों में दिखाया जाता है ताकि डेवलपर्स आसानी से समझ सकें कि कौन सी गलती ज्यादा गंभीर है। कंपनी के मुताबिक, यह टूल स्टाइल की बजाय कोड की लॉजिक और फंक्शन से जुड़ी गलतियों पर ज्यादा ध्यान देता है।

Advertisement

कीमत

उपलब्धता, लाभ और कीमत

एंथ्रोपिक के अनुसार, एक सामान्य कोड रिव्यू में करीब 20 मिनट का समय लगता है। कंपनी की टेस्टिंग में यह टूल कोड मर्ज होने से पहले कई बग पकड़ने में सफल रहा है। यह फीचर फिलहाल एंटरप्राइज और टीम सब्सक्रिप्शन वाले यूजर्स के लिए उपलब्ध है। यह सीधे गिटहब रिपॉजिटरी के साथ काम करता है। कंपनी इस सेवा के लिए टोकन के आधार पर शुल्क लेती है और एक रिव्यू की कीमत लगभग 1,400-2,200 रुपये के बीच बताई गई है।

Advertisement