मिथोस AI तक अनधिकृत पहुंच पर एंथ्रोपिक सख्त, साइबर सुरक्षा को लेकर शुरू की जांच
क्या है खबर?
एंथ्रोपिक के सबसे शक्तिशाली आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) मॉडल मिथोस तक अनाधिकृत यूजर्स की पहुंच की खबरों ने कंपनी की चिंता बढ़ा दी है। उसने साइबर सुरक्षा के लिए पेश किए इस मॉडल के अनाधिकृत उपयोग की जांच शुरू कर दी है। AI लैब ने कहा कि वह उन रिपोर्ट्स की जांच कर रहा है कि कुछ लोगों ने एंथ्रोपिक के लिए काम करने वाली थर्ड-पार्टी कंपनियों के लिए निर्धारित एक सिस्टम के माध्यम से मॉडल तक पहुंच प्राप्त की थी।
पहुंच
ऐसे मॉडल तक बनाई पहुंच
इस मॉडल को उसकी एडवांस साइबर सुरक्षा क्षमताओं के कारण केवल कुछ चुनिंदा विश्वसनीय कंपनियों को ही जारी किया गया था। कंपनी के अनुसार, यह एक AI उत्पाद है, जिसे उद्यम सुरक्षा के लिए डिजाइन किया गया है, लेकिन गलत हाथों में पड़ने पर यह एक शक्तिशाली हैकिंग टूल बन सकता है। ब्लूमबर्ग की रिपोर्ट के अनुसार, एक 'निजी ऑनलाइन फोरम' ने एक थर्ड-पार्टी विक्रेता के माध्यम से इस टूल तक पहुंच प्राप्त कर इसका उपयोग किया है।
दावा
कंपनी ने सिस्टम प्रभावित नहीं होने का किया दावा
एंथ्रोपिक के एक प्रवक्ता ने टेकक्रंच को बताया, "हम एक रिपोर्ट की जांच कर रहे हैं, जिसमें दावा किया गया है कि हमारे एक थर्ड-पार्टी वेंडर एनवायरनमेंट के माध्यम से क्लाउड मिथोस प्रीव्यू तक अनाधिकृत पहुंच प्राप्त की गई है।" कंपनी ने कहा कि अब तक उसे ऐसा कोई सबूत नहीं मिला है, जिससे यह पता चले कि कथित अनाधिकृत गतिविधि ने एंथ्रोपिक के सिस्टम को किसी भी तरह से प्रभावित किया है।