एंथ्रोपिक ने दूसरे मॉडल को सिखाने वाला AI सिस्टम किया पेश
एंथ्रोपिक ने एक नया शोध पत्र जारी किया है, जिसमें उन्होंने ऑटोमेटेड अलाइनमेंट रिसर्चर (AAR) नाम के एक आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के बारे में बताया है।
यह AI दूसरे मॉडल को बेहतर तरीके से काम करना सिखाता है। इसकी खासियत यह है कि किसी भी प्रयोग के लिए इंसानी दखल की जरूरत बहुत कम होती है।
हाल के टेस्ट्स में AAR ने 10 अलग-अलग पैमानों पर AI की मुश्किल हालात को संभालने की क्षमता को बेहतर किया है। साथ ही, इसने मॉडल के प्रदर्शन पर कोई बुरा असर भी नहीं पड़ने दिया।
AAR इंसानी तरीकों से बेहतर
AAR एक बहुत ही तेज और कुशल शोध की तरह काम करता है। यह मौजूदा शाेध को पढ़ता है, AI की ट्रेनिंग में जरूरी बदलाव सुझाता है और यह जानने के लिए फटाफट प्रयोग भी करता है कि कौन-सा तरीका सबसे अच्छा काम कर रहा है?
सबसे खास बात यह है कि इसका सबसे मजबूत तरीका औसत इंसानी तरीकों को महज 6 घंटे में पीछे छोड़ देता है। एंथ्रोपिक के इंसानी शोधकर्ताओं का खर्च जहां करीब 150 डॉलर (करीब 14,000 रुपये) प्रति घंटा आता है, वहीं API इंफरेंस में AAR पर केवल 4 डॉलर (करीब 380 रुपये) प्रति घंटे का खर्च होता है।
बेशक, लक्ष्य तय करने का काम अभी भी इंसानों का ही है, लेकिन AAR जैसे टूल्स से AI को सुधारना कहीं ज्यादा तेज और सस्ता हो सकता है।