इंफोस्टीलर मैलवेयर ने क्लाउड यूजर्स के सेशन चुराए, एंथ्रोपिक ने दी यह चेतावनी
आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) चैटबॉट क्लाउड बनाने वाली कंपनी एंथ्रोपिक ने अपने यूजर्स को बताया है कि उनके सक्रिय ब्राउजर सेशन इंफोस्टीलर मैलवेयर की वजह से चोरी हो गए हैं।
हैकर्स ने इस मैलवेयर का इस्तेमाल करके लोगों के सक्रिय ब्राउजर सेशन चुराए। इससे वे अकाउंट्स तक पहुंच गए और यूजर्स की निर्धारित उपयोग सीमाओं का गलत इस्तेमाल किया।
एंथ्रोपिक ने तुरंत कार्रवाई करते हुए प्रभावित यूजर्स को लॉगआउट कर दिया, चोरी हुए सेशन को रद्द कर दिया और सुरक्षा के लिए उनके सेव किए गए भुगतान तरीके भी हटा दिए।
विडार और रेडलाइन तक पहुंची जांच
इस साइबर हमले की जड़ विडार और रेडलाइन जैसे जाने-माने इंफोस्टीलर मैलवेयर से जुड़ी मिली। ये मैलवेयर संक्रमित डिवाइस से ब्राउजर के क्रेडेंशियल और कुकीज चुरा लेते हैं। इसकी वजह से हैकर्स को पासवर्ड या टू-फैक्टर ऑथेंटिकेशन को बायपास करना आसान हो जाता है।
यह मामला तब सामने आया जब रेडिट पर एक यूजर ने बताया कि एक पाइरेटेड गेम डाउनलोड करने के बाद उसका कंप्यूटर हैक हो गया था।
एंथ्रोपिक ने साफ किया है कि उनकी अपनी सिस्टम पर कोई सेंध नहीं लगी है, लेकिन वे प्रभावित यूजर्स को सलाह दे रहे हैं कि वे अपने सिस्टम को मैलवेयर के लिए स्कैन करें, पासवर्ड बदलें और सक्रिय सेशन की जांच करें। कंपनी ने कहा है कि जब तक जांच चल रही है, तब तक वे अनधिकृत शुल्कों का भुगतान करेंगे।