दुर्लभ बीमारियों के शोध को बढ़ावा देने के लिए एंथ्रोपिक मुफ्त में देगी AI टूल्स
क्लाउड निर्माता एंथ्रोपिक ने दुर्लभ आनुवंशिक रोगों पर शोध को रफ्तार देने के लिए एक नया अनुदान कार्यक्रम शुरू किया है।
अगर, आप एक शोधकर्ता या बायोटेक स्टार्टअप से जुड़े हैं तो अपने काम को और बेहतर बनाने के लिए आप 50,000 डॉलर (करीब 47 लाख रुपये) तक के क्लाउड API क्रेडिट्स के लिए आवेदन कर सकते हैं।
इन क्रेडिट्स का मतलब है कि आपको एंथ्रोपिक के आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) टूल्स को मुफ्त में इस्तेमाल करने का मौका मिलेगा। आवेदन जमा करने की आखिरी तारीख 2 अगस्त है।
2 श्रेणियों में मिलेगा इसका फायदा
इस अनुदान कार्यक्रम में 2 अलग-अलग श्रेणियां रखी गई हैं। पहली अकादमिक और क्लिनिकल शोधकर्ताओं के लिए है, जो दुर्लभ बीमारियों को गहराई से समझना चाहते हैं। ये शोधकर्ता मोनार्क इनिशिएटिव के साथ मिलकर काम करेंगे, जो उन्हें शोध के लिए बेहतरीन डाटा टूल्स मुहैया कराएगा।
दूसरी श्रेणी उन बायोटेक स्टार्टअप्स और ट्रांसलेशनल शोधकर्ताओं के लिए है, जो AI की मदद से क्लिनिकल ट्रायल्स और कागजी कार्रवाई जैसे कामों को आसान बनाना चाहते हैं।
अकादमिक प्रोजेक्ट्स के नतीजे सबके साथ साझा किए जाएंगे, ताकि इस क्षेत्र में काम करने वाला हर कोई इसका फायदा उठा सके।
एंथ्रोपिक का कहना है कि वे AI का इस्तेमाल करके विज्ञान को आगे बढ़ाना चाहते हैं, ताकि लोगों को जल्द से जल्द मदद मिल सके।