एंथ्रोपिक ने क्लाउड में जोड़े कई क्रिएटिव ऐप्स, जानिए क्या मिलेगा फायदा
क्या है खबर?
आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) स्टार्टअप एंथ्रोपिक ने अपने क्लाउड AI असिस्टेंट को अपग्रेड करते हुए एडोब के क्रिएटिव क्लाउड ऐप्स, ब्लेंडर, एफिनिटी और ऑटोडस्क सहित कई नए कनेक्टर्स के लिए सपोर्ट जोड़ा है। इससे यूजर सरल प्राकृतिक भाषा संकेतों का उपयोग करके जटिल रचनात्मक कार्यों को पूरा कर सकते हैं। कंपनी का कहना है कि इस कदम का उद्देश्य पेशेवरों के लिए रचनात्मक कार्यों के लिए क्लाउड का उपयोग करना आसान बनाना है।
सुविधा
पेशेवर लोगों को बचेगा समय
नए कनेक्टर्स की मदद से क्लाउड एडोब क्रिएटिव क्लाउड, ब्लेंडर, ऑटोडेस्क फ्यूजन, एबलटन और अन्य प्लेटफॉर्म से जुड़ सकता है। कंपनी का कहना है कि AI रचनात्मक प्रक्रिया के उन हिस्सों को संभालने में मदद कर सकता है, जो समय बर्बाद करते हैं, क्योंकि यह बार-बार होने वाले कार्यों को संभालता है और मैनुअल काम को समाप्त करता है। अब क्लाउड सिर्फ चैटबॉट के रूप में काम करने के बजाय एक डिजिटल असिस्टेंट के रूप में काम कर सकता है।
फायदा
फोटो एडिंग के साथ कई कामों में होगा फायदा
क्रिएटिविटी के लिए एडोब कनेक्टर क्लाउड को फोटोशॉप, प्रीमियर प्रो, इलस्ट्रेटर, लाइटरूम, एक्सप्रेस और फायरफ्लाई जैसे 50 से अधिक ऐप्स के टूल से कनेक्ट करने की अनुमति देता है। यूजर क्लाउड में इमेज अपलोड कर सकते हैं और AI चैटबॉट से लाइटिंग को संतुलित करने, बैकग्राउंड को ब्लर करने या क्रॉप करने जैसी विशिष्ट एडिटिंग के लिए कह सकते हैं। यह फोटो रीटचिंग, वीडियो फॉर्मेटिंग, सोशल पोस्ट को एनिमेट करने और कई फोटो को एडिट करने की सुविधा देता है।