विजयवाड़ा में AI की मदद से तैयार किया बाढ़ की चेतावनी देने वाला सिस्टम
आंध्र प्रदेश सरकार ने विजयवाड़ा शहर के लिए 'सिटी फ्लड अलर्ट' सिस्टम शुरू किया है। यह सिस्टम आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और सैटेलाइट मैपिंग का इस्तेमाल कर विजयवाड़ा में बाढ़ का अनुमान पहले ही लगा लेता है, जिससे समय रहते बचाव के उपाय किए जा सकें।
आंध्र प्रदेश राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (APSDMA) और राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (IIT) गांधीनगर के सहयोग से इसे तैयार किया गया है।
यह सिस्टम तुरंत अलर्ट भेजता है, जिससे अधिकारी हालात बिगड़ने से पहले ही सही कदम उठा पाते हैं और बचाव का काम शुरू कर देते हैं।
30 साल के डाटा के साथ करता है शहर का नक्शा
यह 'सिटी फ्लड अलर्ट' सिस्टम शहर का विस्तृत नक्शा तैयार करता है, जिससे बाढ़ की आशंका वाले इलाकों को आसानी से पहचाना जा सके।
अपने अनुमानों को और सटीक बनाने के लिए यह पिछले लगभग 30 सालों के स्थानीय नालों के डाटा का उपयोग करता है। यह सिस्टम भारी बारिश की चेतावनी 48 घंटे पहले तक दे सकता है, वहीं अचानक आने वाली बाढ़ के बारे में भी 6 घंटे पहले अलर्ट जारी कर सकता है। इससे राहत टीमों को नाले साफ करने और शहर को सुरक्षित रखने के लिए काफी समय मिल जाता है।