ChatGPT पर ज्यादा भरोसा दिमाग को बना सकता है सुस्त, MIT के अध्ययन में खुलासा
MIT के एक नए अध्ययन से यह जानकारी सामने आई है कि ChatGPT जैसे आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) टूल पर ज्यादा भरोसा करने से आपका दिमाग सुस्त पड़ सकता है।
शोधकर्ताओं ने करीब 54 प्रतिभागियों को कुछ ग्रुप में बांटा। एक ग्रुप ने ChatGPT का इस्तेमाल किया, दूसरे ने गूगल सर्च का और आखिरी ग्रुप ने केवल अपनी सोच पर भरोसा किया।
जब सभी अपना काम कर रहे थे तो उनकी दिमागी गतिविधियों पर नजर रखी गई, ताकि यह पता चल सके कि असल में क्या हो रहा था?
अभी शुरुआती दौर में है अध्ययन
ChatGPT का इस्तेमाल करने वाले ग्रुप में दिमागी कनेक्शन कम दिखे और उन्हें अपनी लिखी बातें याद रखने में भी मुश्किल हुई। इससे पता चलता है कि AI का जरूरत से ज्यादा इस्तेमाल गहरी सोच और चीजों को बाद में याद रखने की क्षमता को मुश्किल बना सकता है।
शोधकर्ताओं ने इस स्थिति को 'कॉग्निटिव डेट' का नाम दिया। हालांकि, शोधकर्ताओं ने यह भी कहा कि यह अध्ययन अभी छोटा है और शुरुआती दौर में है।