AI वाइस स्कैम से बचने के लिए श्रीधर वेंबू ने बताया सीक्रेट कोड
आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) वॉइस स्कैम अब पहले से कहीं ज्यादा मुश्किल हो गए हैं। जालसाज अब ऐसे लोगों की आवाज की हूबहू नकल कर लेते हैं, जिन्हें आप अच्छे से जानते हैं।
इसी को देखते हुए जोहो के संस्थापक श्रीधर वेंबू ने परिवारों से अपील की है कि वे 'वर्बल पासवर्ड' का इस्तेमाल करें। यह एक तरह का सीक्रेट कोडवर्ड या वाक्यांश होगा, जिसे केवल आप और आपके परिवार वाले ही जानते होंगे। इससे आप नकली कॉल्स को आसानी से पकड़ पाएंगे।
उन्होंने यह सलाह तब दी है, जब हाल ही में किसी ने ऑनलाइन बताया कि कैसे वे ऐसे ही एक आवाज की नकल वाले स्कैम से बाल-बाल बचे।
एक यूजर ने खुद को ऐसे बचाया
एक्स पर एक यूजर के साथ भी कुछ ऐसा ही होने वाला था। एक जालसाज ने उसकी पत्नी की हूबहू आवाज में उसे कॉल किया और गैस के लिए क्रेडिट कार्ड से पेमेंट करने को कहा।
अच्छी बात ये रही कि उस यूजर को कुछ गड़बड़ लगी और उसने दोबारा अपनी पत्नी से बात करने की कोशिश की। तब पता चला कि उसकी पत्नी तो घर पर सुरक्षित थी।
यह घटना बताती है कि हमें हमेशा सतर्क रहना चाहिए और शायद ऐसे 'वर्बल पासवर्ड' का इस्तेमाल शुरू कर देना चाहिए।