अमेजन AI कंटेंट के लिए लॉन्च करेगी ऑनलाइन मार्केटप्लेस, जानिए क्या होगा फायदा
क्या है खबर?
अमेजन एक ऐसा ऑनलाइन मार्केटप्लेस लॉन्च करने की तैयारी कर रही है, जो विशेष रूप से आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) कंटेंट और सेवाओं की खरीद-बिक्री के लिए बनाया गया है। इस संभावित मार्केटप्लेस में समाचार आउटलेट और कंटेंट क्रिएटर जैसे प्रकाशक अपना कंटेंट सीधे AI कंपनियों को बेच सकेंगे। कंपनियां चैटबॉट और सर्च टूल जैसे AI उत्पाद विकसित करने के लिए वेबसाइट से कंटेंट स्क्रैप करने के बजाय अमेजन के माध्यम से कानूनी रूप से खरीद सकेंगी।
संकेत
यहां से मिली मार्केटप्लेस की जानकारी
द इंफॉर्मेशन के अनुसार, अमेजन वेब सर्विसेज (AWS) के सम्मेलन से ठीक पहले ने प्रकाशन अधिकारियों के साथ स्लाइड साझा की हैं, जिनमें कंटेंट मार्केटप्लेस का उल्लेख है। रिपोर्ट में आगे कहा गया है कि स्लाइड में AWS ने मार्केटप्लेस को अपने मुख्य AI टूल्स जैसे बेडरॉक और क्विक सूट के साथ रखा है। साथ ही उन टूल्स पर भी प्रकाश डाला है, जिनका उपयोग प्रकाशक अपने व्यवसाय को चलाने के लिए कर सकते हैं।
लाइसेंसिंग प्लेटफॉर्म
मिलेगा लाइसेंस वाला कंटेंट
अगर, ऐसा होता है तो अमेजन एक ऐसा बाजार बनाने की कोशिश कर रहा है, जो एक औपचारिक लाइसेंसिंग प्लेटफॉर्म के रूप में काम करे। इससे प्रकाशक अपने कंटेंट से कमाई कर सकें और साथ ही AI कंपनियों को कानूनी रूप से प्राप्त प्रशिक्षण डाटा तक पहुंच मिल सके, जिसमें अमेजन भी अपना हिस्सा ले सकती है। पिछले सप्ताह माइक्रोसॉफ्ट ने भी कहा कि वह पब्लिशर कंटेंट मार्केटप्लेस (PCM) विकसित कर रही है, जो एक AI लाइसेंसिंग प्लेटफॉर्म है।