पाठकों के लिए अमेजन ने पेश किए पतले, तेज और रंगीन नए किंडल
अमेजन ने अपने किंडल ई-रीडर की नई रेंज लॉन्च की है। इन क्लासिक ई-रीडर को अब नया आधुनिक लुक मिला है। नए किंडल, पेपरव्हाइट और कलरसॉफ्ट मॉडल पहले से पतले हो गए हैं और ये अब नए-नए रंगों में भी आ रहे हैं।
इनकी स्क्रीन भी फ्लश-फ्रंट डिजाइन की है। अगर, कीमत की बात करें तो बेस मॉडल 149.99 डॉलर (करीब 14,000 रुपये) से शुरू होता है और ज्यादा फीचर्स वाले मॉडल के लिए आपको 319.99 डॉलर (करीब 30,000 रुपये) तक चुकाने पड़ सकते हैं।
पेपरव्हाइट मॉडल है वाटरप्रूफ
6 इंच वाला किंडल अब 16GB स्टोरेज के साथ आता है और पहले से ज्यादा कॉम्पैक्ट हो गया है। इसमें किताबें 30 फीसदी तेजी से खुलती हैं। इसका एक एल्यूमीनियम वाला मॉडल भी है, जिसमें आप अपनी ढेरों किताबें सेव कर सकते हैं।
दूसरी तरफ, पेपरव्हाइट मॉडल अपनी बड़ी डिस्प्ले और वाटरप्रूफिंग के कारण सबसे खास है। एक बार चार्ज करने पर यह 12 सप्ताह तक चल सकता है, जो लंबे समय तक पढ़ने के लिए एकदम सही है।
अगर, आपको कॉमिक्स या रंगीन कंटेंट देखना पसंद है तो नया कलरसॉफ्ट मॉडल पेपर जैसी कलर स्क्रीन के साथ लॉन्च हुआ है।
बच्चों के लिए पेश किया किड्स एडिशन
अमेजन ने छोटे पाठकों का भी खास ध्यान रखा है। इसके लिए किड्स एडिशन भी पेश किए गए हैं। इन मॉडल्स में आर्टिस्ट द्वारा डिजाइन किए गए कवर मिलते हैं और 12 महीने के लिए अमेजन किड्स प्लस का एक्सेस भी मिलता है।
इससे बच्चे हजारों किताबें और ऑडियोबुक पढ़ सकते हैं। कंपनी का मकसद सभी के लिए पढ़ने के अनुभव को मजेदार और आसान बनाना है।