अमेजन ने वेबसाइट और ऐप पर लॉन्च किया हेल्थकेयर AI असिस्टेंट, जानिए क्या करता है काम
क्या है खबर?
अमेजन ने अपने हेल्थकेयर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) असिस्टेंट को अपनी मुख्य वेबसाइट और मोबाइल ऐप के लिए लॉन्च कर दिया है। हेल्थ AI नामक यह असिस्टेंट पहले केवल वन मेडिकल के ऐप पर उपलब्ध था, जो एक हेल्थकेयर कंपनी है, जिसे अमेजन ने 2023 में 3.9 अरब डॉलर (करीब 350 अरब रुपये) में खरीदा था। यह स्वास्थ्य संबंधी सवालों के जवाब, हेल्थ रिकॉर्ड की व्याख्या और अपॉइंटमेंट बुक करने सहित कई काम कर सकता है।
बाध्यता
उपयोग के लिए बाध्यता हुई खत्म
अमेजन का कहना है कि इस असिस्टेंट का उपयोग करने के लिए यूजर्स को प्राइम सब्सक्राइबर या वन मेडिकल सदस्य होने की आवश्यकता नहीं है। कंपनी ने बताया कि हेल्थ AI सामान्य स्वास्थ्य प्रश्नों का उत्तर दे सकता है, लेकिन इसे एक व्यक्तिगत हेल्थ असिस्टेंट के रूप में काम करने के लिए डिजाइन किया गया है, जो अधिक बेहतर मार्गदर्शन प्रदान कर सकता है। साथ ही आपको स्वास्थ्य पेशेवरों और उपचारों से जोड़ने जैसे कदम उठा सकता है।
जोखिम
शोधकर्ता इस बात को लेकर चिंतित
दूसरी तरफ शोधकर्ता AI के साथ अपनी स्वास्थ्य संबंधी जानकारी शेयर करने से जुड़े जोखिम को लेकर चेतावनी दे रहे हैं। उनका मानना है कि कंपनियां प्रशिक्षण के लिए यूजर्स की चैट का उपयोग कर रही हैं। इसको लेकर अमेजन ने कहा कि वह मरीज की पहचान गोपनीय रखते हुए पैटर्न के आधार पर हेल्थ AI मॉडल को प्रशिक्षित करता है। साथ ही बातचीत को एन्क्रिप्शन और सख्त एक्सेस कंट्रोल द्वारा सुरक्षित रखने का दावा किया है।