बेंगलुरु में खुला भारत का पहला 8-क्यूबिट AI-क्वांटम कैंपस
अलायंस यूनिवर्सिटी ने बेंगलुरु में AU-क्वासार नाम से अपना नया कैंपस शुरू किया है। यह कैंपस क्वांटम कंप्यूटिंग, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), रोबोटिक्स और टेक एंटरप्रेन्योरशिप पर केंद्रित है।
इस कैंपस की सबसे बड़ी खासियत यह है कि यहां देश का पहला व्यावसायिक इस्तेमाल के लिए उपलब्ध 8-क्यूबिट क्वांटम कंप्यूटिंग एक्सपीरियंस सेंटर बनाया गया है, जो क्यूविद्या की तकनीक से चलता है।
इससे शोधकर्ताओं और छात्रों को सीधे अत्याधुनिक तकनीक पर काम करने और उसे समझने का मौका मिलेगा।
टेक दिग्गजों ने की AU-क्वासार की सराहना
इस लॉन्च कार्यक्रम में टेक जगत की कई बड़ी हस्तियां मौजूद थीं। इंफोसिस के सह संस्थापक क्रिस गोपालकृष्णन ने इसे 'मल्टीडिसिप्लिनरी डीप-टेक कैंपस' बताया है, वहीं केओनिक्स के अध्यक्ष शरद कुमार बाचे गौड़ा ने कर्नाटक में तकनीक पर आधारित सहयोग को बढ़ावा देने की बात कही।
प्रो-चांसलर अभय चेब्बी ने बताया कि AU-क्वासार का लक्ष्य छात्रों, शोधकर्ताओं, स्टार्टअप्स और उद्योगों को एक मंच पर लाना है, ताकि भविष्य की नई तकनीकें तैयार की जा सकें।
विशेष बीटेक प्रोग्राम शुरू किए
AU-क्वासार केवल रिसर्च तक ही सीमित नहीं है, बल्कि यह कुछ खास बीटेक डिग्रियां भी शुरू कर रहा है। इन प्रोग्राम्स में क्वांटम कंप्यूटिंग, AI, रोबोटिक्स और साइबर-फिजिकल सिस्टम्स जैसे विषय शामिल हैं।
यह पहल भारत में इनोवेशन को बढ़ावा देगी और युवाओं को नए-नए और आधुनिक टेक्नोलॉजी वाले फील्ड्स में आगे बढ़ने का अवसर देगी।