अलीबाबा ने पेश किया अब तक का सबसे दमदार AI मॉडल क्वेन 3.8-मैक्स
अलीबाबा ने अपने सबसे बड़े आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) मॉडल क्वेन 3.8-मैक्स का ऐलान किया है, जो अगले सप्ताह लॉन्च होने वाला है।
इसमें 2,400 अरब पैरामीटर्स हैं, जिससे यह चीन के बाजार में सबसे बड़े AI मॉडल्स में से एक बन गया है। यह मूनशॉट AI के किमी K3 (2,800 अरब पैरामीटर्स) से ज्यादा पीछे नहीं है, जो इसकी टक्कर में खड़ा है।
ये दोनों मॉडल एक साथ 10 लाख टोकन्स को संभाल सकते हैं। इसलिए बड़े कानूनी दस्तावेजों या कोड के बड़े-बड़े हिस्सों को समझने के लिए ये बेहद काम के साबित होंगे।
हर टास्क के लिए 95 अरब पैरामीटर्स करता है सक्रिय
अपनी पूरी क्षमता का एक साथ इस्तेमाल करने के बजाय क्वेन 3.8-मैक्स 'मिक्सचर-ऑफ-एक्सपर्ट्स' डिजाइन की वजह से हर टास्क के लिए सिर्फ 95 अरब पैरामीटर्स को ही सक्रिय करता है।
इससे काम तेजी से और कुशलता से हो पाता है। यह मॉडल एरीना डॉट AI पर अपनी शुरुआत करने के बाद विजुअल एनालिसिस में चीन का टॉप मॉडल बन गया है।
यह दुनिया में एंथ्रोपिक के क्लाउड फैबल 5 वेरिएंट के बाद दूसरे नंबर पर है। अगले सप्ताह से आप इसे अलीबाबा क्लाउड के मॉडल स्टूडियो पर आजमा सकते हैं।
चीनी कंपनियां पैरामीटर्स के पीछे भाग रही
चीनी टेक कंपनियां डेवलपर्स को प्रभावित करने के लिए ज्यादा पैरामीटर काउंट वाले मॉडल्स बनाने की होड़ में हैं, लेकिन यही पूरी कहानी नहीं है। किसी भी AI मॉडल को सचमुच असरदार बनाने के लिए स्मार्ट आर्किटेक्चर भी उतना ही जरूरी है।