Loading...
अभिजीत दिपके ने अमेरिका में किसके खर्च पर की पढ़ाई? RTI कार्यकर्ता के सवाल का दिया जवाब
अभिजीत दिपके ने अपनी विदेश पढ़ाई के खर्च को लेकर जानकारी दी है

अभिजीत दिपके ने अमेरिका में किसके खर्च पर की पढ़ाई? RTI कार्यकर्ता के सवाल का दिया जवाब

लेखन आबिद खान
Aug 03, 2026
11:30 am

क्या है खबर?

कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दिपके इन दिनों अपनी पढ़ाई और पार्टी की फंडिंग को लेकर चर्चा में हैं। हाल ही में एक सूचना का अधिकार (RTI) कार्यकर्ता ने उनके परिवार की कमाई और विदेश में हुई पढ़ाई के खर्च को लेकर सवाल किए थे। इस विवाद पर खुद दिपके ने जवाब दिया है। उन्होंने कहा कि पढ़ाई के लिए बोस्टन विश्वविद्यालय से उन्हें छात्रवृत्ति मिली थी और साथ ही उन्होंने लोन भी लिया था।

बयान

दिपके बोले- लोन लिया था, जिसे अब चुकाना है

दिपके ने अपनी छात्रवृत्ति का पत्र दिखाते हुए कहा, "मेरी शिक्षा का खर्च बोस्टन विश्वविद्यालय द्वारा दी गई छात्रवृत्ति से पूरा हुआ। मैंने कुछ शिक्षा ऋण भी लिया था जिसे अब मुझे चुकाना है।"

दिपके ने यह भी बताया कि उनकी पार्टी आगे अपना कामकाज कैसे चलाएगी और आंदोलनों के दौरान उन्हें कहां से आर्थिक मदद मिली थी। उन्होंने कहा, "पार्टी को चलाने के लिए मैं आम जनता से पैसे मांगूंगा और इसमें पूरी पारदर्शिता रखी जाएगी।"

RTI

RTI कार्यकर्ता ने उठाए थे सवाल

1 अगस्त को सूरत के रहने वाले RTI कार्यकर्ता अमित तिवारी ने कई सरकारी विभागों में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने दिपके के पिता की आर्थिक स्थिति की जांच की मांग की थी, जो महाराष्ट्र इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट कॉरपोरेशन (MIDC) से जूनियर इंजीनियर के पद से सेवानिवृत्त हुए हैं।

तिवारी ने कहा था कि कथित तौर पर 60,000-65,000 रुपये महीना कमाने वाला एक सरकारी कर्मचारी अपने बच्चों को उच्च शिक्षा के लिए अमेरिका कैसे भेज सकता है।

ADVERTISEMENT

CJP

CJP बोली- पीएम केयर्स फंड पर भी नजर डालिए

वहीं, इस मामले पर CJP की प्रवक्ता वैष्णवी गौर ने तिवारी पर एक निजी व्यक्ति को निशाना बनाने का आरोप लगाया है।

उन्होंने कहा, 'निजी व्यक्तियों के शिक्षा खर्चों को लेकर RTI दाखिल करने वालों को पीएम केयर फंड पर भी एक नजर डालनी चाहिए। मोदी जी आपको माफ कर देंगे, चिंता मत करो।'

दरअसल, कोरोनावायरस महामारी के दौरान पीएम केयर्स की स्थापना की गई थी। इसे RTI के दायरे से बाहर रखे जाने को लेकर विवाद होता रहा है।

ADVERTISEMENT

पुलिस

दिपके बोले- प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने समर्थन दिया

दिपके ने एक चौंकाने वाला दावा करते हुए कहा कि हालिया प्रदर्शन को दिल्ली पुलिस के कुछ कर्मियों ने निजी तौर पर समर्थन दिया था।

उन्होंने कहा, "दिल्ली पुलिस के कुछ लोग हमारे पास आए और बोले, 'हम आपको पानी की बोतलें देंगे, लेकिन हमारी पहचान उजागर न करें।' उन्होंने कहा कि उनके कुछ बच्चे भी NEET की तैयारी कर रहे हैं और वे इस मामले के प्रति सहानुभूति रखते हैं, इसलिए वे हमें पानी की बोतलें देना चाहते हैं।"

ADVERTISEMENT