दिल्ली रामलीला महासंघ की 'रामायण' निर्माताओं को चेतावनी- अगर गलती हुई, तो अंजाम भुगतना होगा
क्या है खबर?
रणबीर कपूर की फिल्म 'रामायण: भाग 1' का ट्रेलर जब से जारी हुआ, इसने सोशल मीडिया पर हलचल मचा रखी है। लोगों के साथ-साथ सितारे भी इसकी तारीफ करते हुए फिल्म की रिलीज का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। इस बीच, श्री रामलीला महासंघ ने फिल्म के निर्देशक नितेश तिवारी को एक पत्र लिखकर कड़ी चेतावनी दी है। उन्होंने मांग की है कि 'रामायण' को सिनेमाघरों में रिलीज करने से पहले, महासंघ के प्रतिनिधिमंडल के लिए प्रदर्शित किया जाए।
आपत्ति
'आदिपुरुष' जैसा इतिहास नहीं दोहराना चाहता महासंघ
रामलीला महासंघ के अध्यक्ष अर्जुन कुमार ने पत्र में प्रभास अभिनीत 'आदिपुरुष' (2023) पर हुए विवाद का जिक्र किया और जोर दिया कि 'रामायण: भाग 1' में ऐसे दृश्य हो सकते हैं, जो भारत और विदेश में रहने वाले हिंदुओं की भावनाओं को ठेस पहुंचा सकते हैं।
उन्होंने फिल्म की रिलीज से पहले निर्माताओं से प्रतिनिधिमंडल के लिए एक विशेष स्क्रीनिंग रखने का अनुरोध किया, जिससे किसी भी संभावित आपत्तिजनक दृश्य या संवाद की पहचान करके उन्हें हटाया जा सके।
ट्विटर पोस्ट
यहां देखिए वीडियो
Arjun Kumar president Shri Ramlila Mahasangh issues a strong warning to the makers of Ramayana starring Ranbir Kapoor.
— Shailesh Giri (@proshaileshgiri) August 2, 2026
A pre-release screening has been demanded to ensure no scenes hurt religious sentiments.
After the Adipurush controversy, the stakes are high this Diwali. pic.twitter.com/enu49hwaLr
चेतावनी
विवाद होने पर प्रदर्शन करने की बात कही
अध्यक्ष ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि फिल्म निर्माता इस अनुरोध का पालन करने में विफल रहे, तो श्री रामलीला महासंघ विभिन्न हिंदू संगठनों के साथ मिलकर दिल्ली और अन्य राज्यों के सिनेमाघरों के बाहर विरोध प्रदर्शन करेगा।
बता दें, 'रामायण' को 2 भागों में बनाया गया है, जिसका पहला पार्ट इस साल दिवाली में रिलीज होगा, जबकि दूसरा पार्ट अगले साल दिवाली पर आएगा।
फिल्म में रणबीर, साई पल्लवी, यश, सनी देओल और रवि दुबे समेत कलाकार हैं।