एयरटेल ने OTP धोखाधड़ी रोकने के लिए पेश किया अलर्ट सिस्टम, जानिए कैसे करेगा काम
क्या है खबर?
टेलीकॉम ऑपरेटर भारती एयरटेल ने ग्राहकों को वन-टाइम पासवर्ड (OTP) धोखाधड़ी से बचाने के लिए एक नया आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) आधारित सुरक्षा सिस्टम लॉन्च किया है। यह सिस्टम नेटवर्क स्तर पर काम करता है और फोन कॉल के दौरान किसी भी संभावित जोखिम भरी स्थिति का पता चलने पर तुरंत अलर्ट भेजता है। कंपनी ने बताया कि इसका उद्देश्य कॉल के दौरान यूजर्स को संवेदनशील बैंकिंग OTP जानकारी धोखेबाजों के साथ शेयर करने से रोकना है।
तरीका
ऐसे काम करता है फीचर
नया सिस्टम AI का उपयोग करके आने वाली कॉलों की रियल टाइम में निगरानी करता है और धोखाधड़ी के प्रयासों से जुड़े सामान्य पैटर्न की पहचान करता है। जब कोई यूजर किसी संभावित रूप से जोखिम भरी कॉल पर होता है और उसी दौरान बैंकिंग OTP जनरेट होता है तो एयरटेल खतरे की चेतावनी देकर रुककर पुष्टि करने के लिए प्रोत्साहित करता है। फीचर फिलहाल हरियाणा में उपलब्ध है और अगले 2 सप्ताह में देशभर में पहुंचाने की योजना है।
नुकसान
कैसे की जा रही यह धोखाधड़ी?
एयरटेल ने कहा है कि OTP से जुड़े धोखाधड़ी के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। जालसाज अक्सर डिलीवरी एजेंट, बैंक अधिकारी या सेवा प्रदाता बनकर ग्राहकों को यह कहकर बहलाते हैं कि पार्सल प्राप्त करने या किसी समस्या का समाधान करने के लिए OTP की आवश्यकता है। यह किसी बैंकिंग लेनदेन से जुड़ा होता है। ग्राहक की ओर से शेयर करने के बाद जालसाज इसका दुरुपयोग करके पैसे निकाल सकते हैं या अनधिकृत भुगतान कर सकते हैं।