AI इम्पैक्ट समिट की अवधि बढ़ी, अब 21 फरवरी तक होगा आयोजन
क्या है खबर?
AI इम्पैक्ट समिट 2026 के आयोजन को केंद्र सरकार ने एक दिन और बढ़ाने का फैसला किया है। पहले यह कार्यक्रम 16-20 फरवरी के बीच ही प्रस्तावित था, लेकिन नए फैसले के बाद अब यह शनिवार 21 फरवरी तक आयोजित किया जाएगा। IT सेक्रेटरी एस कृष्णन ने बताया कि इस अतिरिक्त दिन एक्सपो आम लोगों के लिए खुला रहेगा और समिट की कुल अवधि भी दो घंटे बढ़ा दी गई है। इससे ज्यादा लोगों को कार्यक्रम देखने का मौका मिलेगा।
वजह
क्यों बढ़ाया गया समय?
सरकार ने यह फैसला आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) समिट को मिले जबरदस्त रिस्पॉन्स के बाद लिया है। कृष्णन ने कहा कि बड़ी संख्या में स्टूडेंट, रिसर्चर और आम लोग समिट देखने आना चाहते हैं, इसलिए उन्हें एक अलग और सुविधाजनक दिन दिया गया है। एक्सपो एरिया रात 8:00 बजे तक खुला रहेगा, जबकि कन्वेंशन सेंटर शाम 4:30 बजे बंद होगा। 19 फरवरी को सीमित कार्यक्रम होने के कारण आम लोगों को उस दिन आने से बचने की सलाह दी गई है।
प्रतिक्रिया
विवाद पर सरकार की साफ और सख्त प्रतिक्रिया
IT सेक्रेटरी ने समिट में हुए हालिया विवादों पर भी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि सरकार समिट में किसी तरह का विवाद या भ्रम की स्थिति नहीं चाहती और फोकस केवल असली काम और इनोवेशन पर रहना चाहिए। उनका कहना था कि गलत जानकारी या नकल को बढ़ावा देना बिल्कुल भी मकसद नहीं है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि एक घटना से पूरे आयोजन की छवि प्रभावित नहीं होनी चाहिए।
फोकस
मेहनत, अनुशासन और नवाचार पर रहे फोकस
कृष्णन ने कहा कि कई स्टार्टअप और संस्थानों ने बेहतरीन प्रोजेक्ट, मॉडल और तकनीकी समाधान पेश किए हैं। ऐसे में किसी एक विवाद की वजह से दूसरों की कड़ी मेहनत और तैयारी पर असर नहीं पड़ना चाहिए। उन्होंने सभी प्रतिभागियों से सही आचरण संहिता का पालन करने और जिम्मेदारी से भाग लेने की अपील की है। सरकार का लक्ष्य है कि समिट सकारात्मक मंच बने, जहां देश और दुनिया के इनोवेशन को सही तरीके से प्रस्तुत किया जा सके।