AI चिप्स में डॉट-कॉम क्रैश जैसे खतरे की आशंका, विशेषज्ञ ने दी चेतावनी
एनवीडिया, माइक्रोन, ब्रॉडकॉम और सैंडिस्क जैसी प्रमुख AI चिप कंपनियां इन दिनों कम प्राइस-टू-अर्निंग्स (P/E) रेशियो दिखा रही हैं।
सेवन्स रिपोर्ट रिसर्च के संस्थापक टॉम एसाय मानते हैं कि ऐसा इसलिए हो रहा है क्योंकि निवेशकों को यह भरोसा नहीं है कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) को बढ़ावा देने वाला डाटा सेंटर बूम लंबे समय तक चलेगा। उनका डर है कि अगर, AI को अपनाना धीमा पड़ गया तो कंपनियां अपने बड़े डाटा सेंटर बनाने की योजनाओं को अचानक रोक सकती हैं, जिससे चिप बनाने वाली कंपनियों के लिए बड़े पैमाने पर ऑर्डर रद्द होने की आशंका है।
भारी मात्रा में ऑर्डर कटने की चेतावनी
एसाय मौजूदा स्थिति की तुलना साल 2000 के डॉट-कॉम क्रैश से करते हुए चेतावनी देते हैं कि अगर, बाजार में मचा शोर सिर्फ उम्मीदें ही बनकर रह गया और असली तरक्की में नहीं बदला तो एनवीडिया और माइक्रोन जैसी कंपनियों को बड़ा झटका लग सकता है।
उनका कहना है कि जब मांग के मुकाबले उम्मीदें बहुत ज्यादा बढ़ जाती हैं तो वे खुद ही धड़ाम हो सकती हैं। इसके बाद भारी संख्या में ऑर्डर रद्द होने की आशंका रहती है।