ऐपल मैप्स में जल्द दिखाई दे सकते हैं विज्ञापन, जानिए क्यों बनाई यह योजना
क्या है खबर?
ऐपल अपनी नेविगेशन ऐप ऐपल मैप्स सर्विस में विज्ञापन शुरू करने की योजना बना रही है, जो प्लेटफॉर्म के साथ यूजर्स के इंटरैक्ट करने के तरीके में एक संभावित बदलाव का संकेत है। सूत्रों के अनुसार, आईफोन निर्माता इस साल के अंत में यह बदलाव लाने की तैयारी कर रही है और इसी महीने इसकी आधिकारिक घोषणा की जा सकती है। इस बदलाव से यह ऐप गूगल मैप की बराबरी कर लेगा, जिसमें लंबे समय से प्रायोजित विज्ञापन मौजूद हैं।
योजना
कब हो सकती है इसकी घोषणा?
ब्लूमबर्ग के अनुसार, ऐपल ने हाल ही में WWDC 2026 की घोषणा की है। संभावना है कि आईफोन निर्माता इस आयोजन के दौरान विज्ञापनों के बारे में जानकारी दे सकती है। गूगल कई सालों से अपने नेविगेशन ऐप में विज्ञापन शामिल कर रहा है और बिंग मैप्स भी स्थानीय व्यवसाय मालिकों को इसी तरह की विज्ञापन सुविधा प्रदान करता है। इस संभावना के बारे में खबरें काफी समय से चल रही हैं। अक्टूबर में ऐसी ही रिपोर्ट सामने आई थी।
तरीका
ऐसे काम करेंगे ऐप में विज्ञापन
कंपनियां ऐप के अंदर प्रासंगिक शब्द खोजों के साथ अपने व्यवसायों का प्रचार करने के अवसर के लिए बोली लगाएंगी। रेस्तरां, बार या दुकानों की तलाश कर रहे यूजर्स को शीर्ष परिणामों के रूप में उन व्यवसायों के विज्ञापन दिखाए जा सकते हैं, जिन्होंने बोली प्रक्रिया जीती है। विज्ञापनों को आईफोन, अन्य ऐपल डिवाइसेज और प्लेटफॉर्म के वेब वर्जन पर मैप्स में एकीकृत किया जा सकता है। यह ऐपल के लिए राजस्व बढ़ाने का ठोस जरिया साबित हो सकता है।