LOADING...
सैम ऑल्टमैन को जान से मारना चाहता था आरोपी, हिट लिस्ट में कई AI अधिकारी
सैम ऑल्टमैन के घर पर पिछले सप्ताह हमला किया गया है

सैम ऑल्टमैन को जान से मारना चाहता था आरोपी, हिट लिस्ट में कई AI अधिकारी

Apr 14, 2026
11:17 am

क्या है खबर?

पिछले सप्ताह सैन फ्रांसिस्को में OpenAI के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) सैम ऑल्टमैन के घर पर मोलोटोव कॉकटेल फेंकने के मामले में बड़ा खुलासा हुआ है। आरोपी का इस हमले के पीछे आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के क्षेत्र में सबसे शक्तिशाली हस्तियों में से एक ऑल्टमैन को जान से मारने का इरादा था। यह कदम AI तकनीक के प्रति उसकी गहरी घृणा से प्रेरित है। अभियोजकों का कहना है कि यह हमला आवेग में नहीं किया गया, बल्कि सुनियोजित था।

आरोप 

हत्या के प्रयास का मामला दर्ज

सैन फ्रांसिस्को के जिला अटॉर्नी ने कहा है कि डैनियल मोरेनो-गामा पर ऑल्टमैन के घर पर हुए हमले के सिलसिले में हत्या के प्रयास का आरोप लगाया गया है। संघीय अभियोजकों ने विस्फोटकों के माध्यम से संपत्ति को नुकसान पहुंचाने और नष्ट करने के प्रयास और बिना लाइसेंस वाली बंदूक रखने सहित अन्य आरोप भी जोड़े हैं। FBI के कार्यवाहक विशेष एजेंट मैट कोबो ने कहा, "यह अचानक नहीं हुआ था। यह सुनियोजित, लक्षित और अत्यंत गंभीर हमला था।"

तैयारी 

दस्तावेजों से पता चली हिट लिस्ट

हमले के आरोपी के पास से पुलिस को एक ऐसा दस्तावेज बरामद हुआ, जिससे उनके इरादों की पूरी जानकारी मिली है। इसमें AI कंपनी के CEO की हत्या करने का जिक्र किया है, लेकिन सीधे ऑल्टमैन के नाम नहीं लिखा है। इसके अलावा कई अन्य AI अधिकारियों, बोर्ड सदस्यों और निवेशकों के नाम और पते भी दिए गए। अभियोजकों का कहना है कि यह सूची प्रौद्योगिकी क्षेत्र के नेतृत्व के खिलाफ सुनियोजित हिंसा के एक व्यापक अभियान को दर्शाती है।

Advertisement

घटना 

घर के बाद ऑफिस को जलाने की धमकी

ऑल्टमैन के घर पर यह हमला 10 अप्रैल को भारतीय समयानुसार दोपहर करीब 1 बजे के आस-पास हुआ था। आरोपी मोरेनो-गामा ने एक जलता हुआ मोलोटोव कॉकटेल उनके घर पर फेंका, जिससे ड्राइववे गेट के ऊपरी हिस्से में आग लग गई। इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। वह दोपहर करीब 2:30 बजे OpenAI के मुख्यालय पहुंचा, कांच के दरवाजों पर कुर्सी फेंक आग लगाने की धमकी दी। इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और उसे गिरफ्तार कर लिया।

Advertisement