ऐपल के फोल्डेबल आईफोन अल्ट्रा में नहीं मिलेगा स्टायलस
ब्लूमबर्ग के मार्क गुरमन की एक रिपोर्ट के मुताबिक, ऐपल ने अपने आने वाले फोल्डेबल आईफोन अल्ट्रा के साथ स्टायलस (पेन) न देने का फैसला किया है।
इस फोन को 9 सितंबर को 'सरप्राइज एंड शाइन' इवेंट में लॉन्च किया जाना है। पहले उम्मीद थी कि कंपनी इसके साथ ऐपल पेंसिल जैसा एक खास एक्सेसरी देगी, लेकिन कुछ डिजाइन और डिस्प्ले से जुड़ी परेशानियों के बाद इन योजनाओं को रद्द कर दिया गया।
इस कारण लिया यह फैसला
प्रोटोटाइप स्टायलस, जो आम स्टायलस से छोटा और मोटा था, उसे स्टोरेज और चार्जिंग के लिए मैग्नेटिकली फोन से जोड़ा जा सकता था, लेकिन इससे फोल्डेबल फोन को खोलना मुश्किल हो रहा था।
साथ ही, ऐपल का नया फ्लेक्सिबल डिस्प्ले (मुड़ने वाली स्क्रीन) सामान्य स्क्रीन से ज्यादा नाजुक है, जिससे स्टायलस का इस्तेमाल करने पर खरोंच आने का डर था।
इतना ही नहीं, ऐपल भी हमेशा से स्टायलस की बजाय टच कंट्रोल को ज्यादा पसंद करता रहा है। हालांकि, इस एक्सेसरी के बिना भी, उम्मीद है कि आईफोन अल्ट्रा जब आईफोन 18 प्रो सीरीज और एयरपॉड्स 5 जैसे ऐपल के दूसरे नए उत्पादों के साथ लॉन्च होगा तो बाजार में इसकी बड़ी धूम रहेगी।