धरती की तरफ तेजी से आ रहा सौर तूफान, जानिए कितना होगा खतरनाक
एक मध्यम सौर तूफान इस रविवार (11 अक्टूबर) को धरती की ओर आने वाला है। यह तूफान हाल ही में हुए 2 सौर विस्फोटों का नतीजा है। राष्ट्रीय महासागरीय और वायुमंडलीय प्रशासन (NOAA) ने बताया है कि यह एक G2-स्तर का भू-चुंबकीय तूफान होगा।
इससे सैटेलाइट, रेडियो सिग्नल और ग्लोबल पोजिशनिंग सिस्टम (GPS) पर थोड़ा असर पड़ सकता है। हालांकि, चिंता की कोई बड़ी बात नहीं है। यह अंतरिक्ष मौसम से जुड़ा एक दिलचस्प बदलाव भर है।
ऊंचे अक्षांशों में दिख सकती है जगमगाहट
अगर, आप ऊंचे अक्षांशों वाले इलाकों में रहते हैं तो आपको बिजली सप्लाई सिस्टम में हल्की-फुल्की जगमगाहट या रेडियो सिग्नल में कुछ कमजोरी महसूस हो सकती है।
साथ ही, सामान्य से अधिक दूर, यानि ध्रुवों से हटकर भी अरोरा (उत्तरी रोशनी) देखने का मौका मिल सकता है। भारत के लोगों के लिए कोई बड़ा खतरा या समस्या नहीं है। बस हमारे सिर के ऊपर आसमान में एक शानदार खगोलीय घटना होगी।