एक जगह पर ज्यादा देर तक बैठना बढ़ा सकता है कैंसर का खतरा- शोध
एक नए अध्ययन में यह बात सामने आई है कि लंबे समय तक एक जगह बैठे रहना कैंसर के खतरे को बढ़ा सकता है।
ब्रिटेन में 91,000 से ज्यादा लोगों पर एक शोध हुआ। इसमें उनके रोजाना के उठने-बैठने की आदतों पर नजर रखी गई। इसके लिए एक्टिविटी बैंड और स्टेप ट्रैकर्स का इस्तेमाल किया गया।
12 सालों तक चली इस निगरानी में वैज्ञानिकों ने पाया कि लगातार 30 मिनट या उससे ज्यादा समय तक एक ही जगह पर बैठे रहना सेहत के लिए सचमुच हानिकारक हो सकता है।
ऐसे कर सकते हैं जोखिम कम
अध्ययन के आंकड़े बताते हैं कि रोजाना एक घंटा ज्यादा देर तक बैठे रहने से कैंसर से मौत का जोखिम 9 फीसदी तक बढ़ जाता है, वहीं कैंसर के कुल मामलों में भी 3 फीसदी की बढ़ोतरी दर्ज की गई।
राहत की बात यह है कि अगर, आप बीच-बीच में अपनी जगह से उठकर थोड़ा चलते-फिरते हैं तो यह जोखिम 18 फीसदी तक घट सकता है।
अध्ययन के वरिष्ठ लेखक फ्रेडरिक हो ने बताया, "अच्छी बात यह है कि आप अपनी बैठने की अवधि को छोटी-मोटी सैर जैसी आसान गतिविधि से तोड़कर भी अपनी सेहत को बचा सकते हैं।"