जीवन का मकसद अल्जाइमर को 6 साल टालेगा, अध्ययन में चौंकाने वाला खुलासा
2022 में हुए एक अध्ययन से पता चला है कि जिन बुजुर्गों के जीवन का कोई मजबूत मकसद होता है, उनमें अल्जाइमर रोग उन लोगों की तुलना में 6 साल देर से विकसित होता है, जिनके जीवन में ऐसा कोई खास मकसद नहीं होता।
इस अध्ययन के लिए शोधकर्ताओं ने 2,558 बुजुर्गों पर नजर रखी। उन्हें पता चला कि जिन लोगों का जीवन में बड़ा मकसद था, उनमें डिमेंशिया के लक्षण आमतौर पर 95 साल की उम्र के आस-पास दिखाई दिए, जबकि बाकी लोगों में ये लक्षण लगभग 89 साल की उम्र में ही दिखने लगे थे।
औसतन 4 साल ज्यादा बढ़ जाती है उम्र
इसी अध्ययन में यह भी सामने आया कि जिन लोगों का जीवन में कोई बड़ा मकसद था, वे औसतन 4 साल ज्यादा जिए। उनकी औसत आयु 88.9 साल रही, जबकि दूसरों की 85.1 साल थी।
इसका मतलब है कि आप जो कुछ भी करते हैं, उसमें अगर, आप कोई मकसद ढूंढ लेते हैं तो यह केवल आपके जीवन को समृद्ध ही नहीं बनाता, बल्कि बढ़ती उम्र में भी आपको सेहतमंद बनाए रखने में अहम भूमिका निभा सकता है।