वैज्ञानिकों ने खोज निकाला लंबी उम्र का फॉर्मूला, चूहों में प्रयोग सफल
एक नए अध्ययन में यह चौंकाने वाला खुलासा हुआ है कि नर चूहों को जब आइसोल्यूसीन (एक अमीनो एसिड) की कम मात्रा वाली डाइट दी गई तो उनकी उम्र 33 फीसदी तक बढ़ गई।
यह अमीनो एसिड मुख्य रूप से मांस, अंडे और सोयाबीन जैसे खाद्य पदार्थों में पाया जाता है। सिर्फ लंबी उम्र ही नहीं, इन चूहों की मांसपेशियां भी मजबूत बनीं और उन्होंने ब्लड शुगर को भी बेहतर तरीके से कंट्रोल किया।
इंसानों में भी उपयोगी हो सकता है यह तरीका
शोधकर्ताओं ने मध्यम उम्र के चूहों पर 3 अलग-अलग डाइट आजमाईं। जिन चूहों को कम आइसोल्यूसीन वाली डाइट मिली, उन्होंने भले ही ज्यादा खाया हो, फिर भी वे पतले और बेहतर सेहत वाले रहे।
यूनिवर्सिटी ऑफ विस्कॉन्सिन के एंडोक्रिनोलॉजिस्ट डडली लैमिंग का कहना है कि यह तरीका भविष्य में इंसानों के लिए भी फायदेमंद हो सकता है। हालांकि, यह थोड़ा पेचीदा है क्योंकि हमारा खान-पान चूहों की तुलना में कहीं ज्यादा जटिल होता है।
फिर भी, यह अध्ययन इस बात का इशारा करता है कि हम अपने खाने-पीने की आदतों से अपनी सेहत सुधार सकते हैं और शायद लंबी उम्र भी जी सकते हैं।